TIO NEW DELHI
देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर चल रही है और दूसरी लहर की पीक खत्म होने के बाद अब दैनिक मामलों में हल्की गिरावट दर्ज की जा रही है। गुरुवार के मुकाबले शुक्रवार को कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में हल्की गिरावट दर्ज की गई। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के 1.32 लाख मामले सामने आए।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस के 1.32 लाख से ज्यादा दैनिक मामले दर्ज किए गए। जबकि इसी दौरान 2713 मरीजों की मौत हो गई। देश में अब तक कोरोना वायरस के कुल 2,85,74,350 संक्रमित मामले दर्ज किए जा चुके हैं। वहीं मृतकों की संख्या 3,40,702 हो गई है।
दिल्ली में पिछले साल के मुकाबले मौतें ज्यादा
राजधानी दिल्ली में अप्रैल ओर मई के महीने में कोरोना का भयंकर प्रकोप था. दिल्ली नगर निगम के आंकड़ों के मुताबिक तीनों नगर निगम की ओर से 34,750 से ज्यादा डेथ सर्टिफिकेट जारी किए गए. जोकि पिछले साल के मुकाबले 250 प्रतिशत से अधिक है. वहीं पिछले साल अप्रैल और मई के महीने में ही दिल्ली नगर निगम ने 9,916 मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए थे. इस साल अप्रैल के अंत में दूसरी लहर अपने चरम पर थी इसलिए इनमें से अधिकांश मृत्यु प्रमाण पत्र मई में जारी किए गए हैं.
7 मई की पीक के बाद घट रहे केस
भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामलों की संख्या कम हो रही है. दूसरी लहर के दौरान 7 मई को पीक के बाद नए केस लगातार घट रहे हैं और एक्टिव केस को लोड भी कम हो रहा है. देश में एक्टिव केस की संख्या 16,35,993 है, जो कुल मामलों का 6.02 फीसदी है. वहीं पॉजिटिविटी रेट भी पिछले 10 दिनों से 10 फीसदी से नीचे रही है. साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट इस वक्त 7.66 फीसदी है. हालांकि संक्रमण से मौत के मामले अब भी 3,000 के करीब दर्ज रहे हैं.
तमिलनाडु में सबसे ज्यादा केस
तमिलनाडु में संक्रमण के सबसे ज्यादा 25,317 नए केस आए हैं. उसके बाद केरल में 19,661, कर्नाटक में 16,387, महाराष्ट्र में 15,169 और आंध्र प्रदेश में 12,768 नए मामले सामने आए हैं. पिछले 24 घंटों में दिल्ली में 487 नए मामले केस सामने आए. जबकि 45 लोगों की मौत हो गई. दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट 0.61% है. वहीं यूपी में रिकवरी रेट 97.3% हो गया है. पॉजिटिविटी दर इस वक्त 3.4% हो गई है.
महाराष्ट्र में घट रहे केस
महाराष्ट्र में भी कोरोना केस घट रहे हैं. कल इनकी तादाद 15 हजार से कुछ ज्यादा रही. जबकि 25 हजार से ज्यादा लोग कोरोना से ठीक हुए. हालांकि अनलॉक को लेकर महाराष्ट्र में भ्रम के हालात हैं. कांग्रेस के मंत्री और सीएम अलग अलग बात बोल रहे हैं. आपदा मंत्री ने कहा कि पांच लेवल पर अनलॉक किया जाएगा. लेकिन इसके कुछ देर बाद सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा कि कोई छूट नहीं दी जा रही है. नए प्रस्ताव पर अभी विचार किया जा रहा है.

