TIO भोपाल
राजस्थान के कोटा में मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी करने गए मध्यप्रदेश के 4 हजार छात्रों को वापस लाने की राज्य सरकार ने कवायद शुरू कर दी है। प्रमुख सचिव मलय श्रीवास्तव ने कोटा के स्थानीय प्रशासन से छात्रों की जानकारी मांगी है। उधर, आज लॉकडाउन के लेकर गाइडलाइन जारी होनी है। इससे तय होगा कि किस क्षेत्र को क्या छूट मिलेगी। बताया जा रहा है कि सरकार ने रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन के हिसाब से योजना बनाई है। उसी के अनुरूप जिलों में छूट दी जाएगी। लोगों की नजर शुक्रवार को भोपाल से दिल्ली भेजे गए 1325 सैंपल पर भी है। इनकी रिपोर्ट आज आ सकती है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सबसे कम उम्र की 9 दिन की बच्ची कोरोना वायरस पॉजिटिव निकली है। उसके साथ ही 11 साल का एक बच्चा और स्लम एरिया सांई बाबा नगर में के तीन लोग भी पॉजिटिव मिले हैं। शहर में रविवार को कुल 12 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं
सचिवालय और संचालनालय के साथ कुछ चुनिंदा सरकारी दफ्तर 20 अप्रैल से खुलने जा रहे हैं। इसमें वर्क फोर्स कितना आएगा, इसे लेकर मुख्य सचिव ने सामान्य प्रशासन विभाग से चर्चा कर ली है। रविवार को मुख्यमंत्री से बातचीत के बाद इसे लागू कर दिया जाएगा। फिलहाल, सभी प्रमुख सचिव, सचिव, अपर सचिव के साथ एक उपसचिव और एक पीए को दफ्तर बुलाने की इजाजत रहेगी। राज्य के बाकी जिलों में भी ऐसी ही व्यवस्था बनाए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
सोमवार से उद्योग खुलेंगे
सरकार ने सोमवार से औद्योगिक क्षेत्रों के उद्योगों को खोलने की अनुमति तो दे दी है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि थर्मल स्क्रीनिंग, सैनिटाइजेशन और सोशल डिस्टेंसिंग को फॉलो करते हुए ही काम शुरू हाेगा।
इंदौर: वृद्धा की मौत के दो दिन कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट
इंदौर में एक 70 साल की महिला की 17 अप्रैल को मौत के दो दिन बाद शनिवार रात उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। राज्य में अब तक 71 संक्रमितों की मौत हो चुकी। इनमें से इंदौर जिले में 48 की मौत हुई है। उधर, शनिवार देर रात जूनी थाने के टीआई देवेंद्र चंद्रवंशी की मौत हो गई। वे 30 मार्च को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर अरविंदो अस्पताल में भर्ती हुए थे। उनकी दो रिपोर्ट निगेटिव आ गई थीं। इसके बाद अस्पताल से डिस्चार्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी।
राजगढ़: डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती महिला कोरोना पॉजिटिव निकली
जिले में कोरोनावायरस ने दस्तक दे दी। जीरापुर तहसील के ग्राम काछीखेड़ी की एक महिला कोरोना पाजीटिव पाई गई। उसे डिलीवरी के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती किया गया था। 16 अप्रैल को कोरोना संदिग्ध होने पर सैंपल भोपाल भेजे गए। 18 अप्रैल को देर शाम महिला की रिपोर्ट पाॅजीटिव आई। जानकारी मिलते ही अधिकारी काछीखेड़ी गांव पहुंचे। रात में ही पूरे गांव को सैनिटाइज किया गया।
सागर: दूसरा पॉजिटिव मिला, वह पहले मरीज का दोस्त
सागर में कृष्णगंज वार्ड निवासी एक और युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। यह पहले पॉजिटिव मिले मरीज का दोस्त है। दोनों इसी वार्ड में रहते हैं। दोनों टिक-टॉक वीडियो बनाते थे। इसी आधार पर इस युवक का सैंपल लिया गया और यह कोरोना का संक्रमित निकला। उसके पिता समेत परिवार के 12 लोगों को अस्पताल में आइसोलेट किया गया है।