मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव की तैयारी, भाजपा-कांग्रेस सोशल साइट पर बनाने लगे माहौल

0
278

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया खत्म होने के बाद अब लोकसभा की तैयारी शुरू हो गई है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस सोशल साइट पर माहौल बनाने में लगे हुए है। वहीं बीजेपी की नजर किसानों पर है। दरअसल, एमपी में भारतीय किसान संघ विशेष अभियान चलाएगा। इसके तहत 15 लाख किसानों को जोड़ा जाएगा।
बीजेपी ने लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। एमपी में 15 दिसंबर से भारतीय किसान संघ विशेष अभियान चलाएगा। किसान जोड़ो नाम से यह अभियान एक महीने तक चलेगा। इसके तहत प्रदेश के करीब 10 लाख किसानों को जोड़ा जाएगा। इसका समापन 25 जनवरी को होगा। सदस्यता अभियान के लिए 10 रु शुल्क रखा गया है। आपको बता दें कि मध्य प्रदेश में कुल 29 लोकसभा सीट है, जिसमें वर्तमान में 28 सीटों पर बीजेपी का कब्जा हैं।
मतगणना के तुरंत बाद लोकसभा की तैयारी- बीजेपी
बीजेपी मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा कि मतगणना के तुरंत बाद लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू की जाएगी। अभी सब काउंटिंग की तैयारी में लगे हुए हैं। इसके फौरन बाद लोकसभा इलेक्शन की तैयारी शुरू हो जाएगी। विकास और राष्ट्र के मुद्दों पर लोकभा चुनाव होगा। इस बार सभी 29 सीटें जीतने की प्लानिंग चल रही है।
कांग्रेस भी है तैयार
कांग्रेस प्रवक्ता अवनीश बुंदेला ने कहा कि तैयारियां तो बीजेपी को करना पड़ती हैं। कांग्रेस हमेशा जनता के बीच जाकर चुनाव लड़ती है। कांग्रेस लोकसभा चुनाव के लिए तैयार है। लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी और कांग्रेस सोशल साइट पर भी माहौल बनाने लगे हैं। एमपी बीजेपी ने एक्स कर लिखा- मेड इन इंडिया, आईफोन के प्रति दुनिया में बढ़ रहा उत्साह! एक साल के अंदर मेड इन इंडिया आई फोन का एक्सपोर्ट 185 प्रतिशत बढक़र 14 हजार करोड़ से 40 हजार करोड़ रुपए हो गया। वहीं मध्य प्रदेश कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा- हम नफरत को हराकर, पूरे देश में मोहब्बत की दुकान खोलेंगे।