केरल समेत देश के कई राज्यों में बाढ़ से अब तक 172 की मौत, बिगड़े हैं हालात

0
180

नई दिल्ली

देश के कईं राज्यों में अब भी दक्षिण-पश्चिम मानसून कहर बरपा रहा है। इनमें केरल, कर्नाटक, गुजरात और महाराष्ट्र सबसे ज्यादा प्रभावित हैं क्योंकि यहां भारी बारिश की वजह से आई बाढ़ में अब तक 170 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। अकेले केरल में 72 लोगों की मौत और 58 लोगों के लापता होने की सूचना है। वहीं कर्नाटक में 40 लोगों की मौत हुई है जबकि 14 लापता हैं और 5 लाख से ज्यादा लोगों को बचाया गया है। केरल में 1.25 लाख और महाराष्ट्र के 2.85 लाख लोग राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं।

केरल में बाढ़ और बारिश की सबसे अधिक मार वायनाड और कोझिकोड पर पड़ी है। यहां करीब 25-25 हजार लोग बेघर हुए हैं। वायनाड में बाढ़ में फंसे एक नवजात बच्चे को सेना के जवानों ने सुरक्षित निकाला है। राज्य में वर्षाजनित घटनाओं में अब तक 72 लोगों की मौत हो चुकी है।

आठ जिलों में आठ अगस्त से भूस्खलन की 80 घटनाएं हो चुकी हैं। कुछ लोगों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका है। सबसे प्रभावित जिलों में एक वायनाड में बाणासुरसागर बांध के चार दरवाजों में से एक को अतिरिक्त पानी को छोड़ने के लिए तीन बजे खोल दिया गया। केरल की कई ट्रेनें रद कर दी गई हैं। कोच्चि एयरपोर्ट के एक अधिकारी के अनुसार उड़ान संचालन रविवार पूर्वाह्न तक बहाल हो सकेगा।

केरल के एर्नाकुलम, कोझिकोड, वायनाड और कन्नूर में मौसम विभाग ने भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। इससे राज्य में 2018 में अगस्त में आई भयावह बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है।