इंदौर में 173 नए मरीज मिले

0
295

TIO NEW DELHI

तिब्बती बौद्ध धर्म दलाई लामा ने कोरोना का पहला टीका हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में लगवाया। यहां जोनल हॉस्पिटल में वैक्सीन लगवाने के बाद दलाई लामा ने डॉक्टर्स और हेल्थ स्टाफ को शुक्रिया कहा। उन्होंने टीका लगवाने के लिए आम लोगों से भी अपील की। इंदौर शहर में कोरोना के नए स्ट्रेन (यूके कोविड स्ट्रेन) के 6 मरीज मिलने के बाद टेंशन बढ़ गया है। तीन दिन में यदि संक्रमण की रफ्तार कम नहीं हुई तो नाइट कर्फ्यू लगा दिया जाएगा। इसी बीच शुक्रवार देर रात फिर से 173 नए संक्रमित सामने आए हैं। मार्च के पांच दिनों की बात करें तो शहर में 801 नए संक्रमित मिल चुके हैं। संक्रमण को देखते हुए अब शहर में एक बार फिर से सख्ती शुरू हो गई है। रोको-टोको अभियान शुरू करने के साथ ही कलेक्टर ने भीड़ वाले सभी आयोजनों की अनुमति निरस्त कर दी है।

कलेक्टर मनीष सिंह ने सभी एसडीएम को आदेश दिए कि उनके द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में जारी की गई सामूहिक आयोजनों की अनुमति तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी जाएं। प्रशासन ने एहतियातन रूप से यह कदम उठाया है। कोरोना के मामले लगातार 100 से अधिक आने पर प्रशासन के द्वारा सख्ती की जा रही है। सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के उद्देश्य से आयोजन की अनुमति निरस्त की गई हैं। संक्रमण के मामले कम होने के बाद मेले, सांस्कृतिक, धार्मिक आयोजन शुरू हो गए थे। ऐसे आयोजनों में संक्रमण फैलने की आशंका प्रबल होती है। इसी को देखते हुए अनुमति या निरस्त कर दी गई हैं। प्रशासन से बगैर मंजूरी लिए अब इस तरह के आयोजन नहीं हो पाएंगे। वहीं, शादी व अन्य जरूरी सामाजिक कार्यक्रम गाइड लाइन के अनुसार गार्डन या हॉल की क्षमता से आधे लोगों में करना होंगे।

टीकाकरण : 7 हजार 976 हितग्राहियों ने टीका लगवाया
सीएमएचओ डॉ. प्रवीण जडिय़ा ने बताया कि शुक्रवार को कुल 55 केंद्र बनाए गए थे। इनमें एक केंद्र पर 232 ने पहला डोज लगवाने की सुविधा दी गई थी। अन्य 54 सकेंद्रों पर दूसरा व बुजुर्गों व कोमार्बिडिटी वालों को वैक्सीन लगाए गए। इनमें 482 ने दूसरा डोज लगवाया। वहीं, 60 साल से अधिक उम्र के 5 हज़ार 82 बुजुर्ग वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंचे। 45 से 60 साल तक गंभीर बीमारियों से जूझ रहे 994 लोगों ने भी टीका लगवाया।

रोको-टोको अभियान फिर से शुरू
मुख्यमंत्री के आह्वान पर कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए प्रदेशभर में ‘एक मास्क, अनेक जिंदगी’ अभियान के अंतर्गत रोको-टोको अभियान फिर से शुरू किया गया है। इसके तहत संक्रमण से बचाव के लिए मास्क लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के संबंध में जागरूक किया जा रहा है।शुक्रवार को सांसद शंकर लालवानी, संभागायुक्त व निगम प्रशासक डाॅ. पवनकुमार शर्मा, कलेक्टर मनीष सिंह, निगमायुक्त प्रतिभा पाल द्वारा राजबाड़ा क्षेत्र में लोगों को कोविड-19 के प्रोटोकाॅल का पालन करने व अनिवार्य रूप से मास्क लगाने के संबंध में जागरूक किया गया। मास्क लगाने की शपथ दिलाई गई। लोगों से अनिवार्य रूप से मास्क लगाने की अपील करते हुए जिनके द्वारा मास्क पहना गया था, उन्हें गुलाब दिया गया। जिन्होंने मास्क नहीं पहना था, उनको मास्क दिया गया।

लगातार पांचवें दिन आंकड़ा 150 के पार
जिले में लगातार पांचवें दिन ड़ेढ सौ के पार नए संक्रमित आए हैं। देर रात 173 नए पाॅजिटिव मरीज मिले। इसके साथ ही एक्टिव मरीजाें की संख्या बढ़कर 1378 हाे गए हैं। मार्च के 5 दिनों में 801 और पिछले 8 दिनों में 1220 पाॅजिटिव मरीज सामने आए हैं। जिले में अब तक 60559 संक्रमित में से 58248 ठीक हाेकर अपने घर लाैट गए हैं। वहीं, 933 की जान जा चुकी है। देर रात 1828 टेस्ट में से 1631 की रिपाेर्ट निगेटिव आई। 24 रिपीट पाॅजिटिव रहे। जिले में अब तक कुल 8 लाख 43 हजार 198 टेस्ट हो चुके हैं।

10 दिन में मिले 1458 मरीज, 24 फरवरी से कोई मौत नहीं

तारीखमरीज
5 मार्च173
4 मार्च176
3 मार्च162
2 मार्च156
1 मार्च134
28 फरवरी141
27 फरवरी165
26 फरवरी122
25 फरवरी96
24 फरवरी133

यह है नया स्ट्रेन

यूके के इस नए वायरस को बी.1.1.7 नाम से भी जाना जाता है। दुनिया में इसके कई म्यूटेशन देखे गए हैं। पहली बार दिसंबर 2020 में यूएस में देखा गया था। जनवरी 2021 में यूके के वैज्ञानिकों ने इसके बारे में रिपोर्ट किया था।

महाराष्ट्र में हालात बेकाबू, एक दिन में 10 हजार से ज्यादा नए मरीज बढ़े

इस बीच, महाराष्ट्र में फिर से कोरोना बेकाबू होने लगा है। एक दिन में ही संक्रमण की रफ्तार में 250% का इजाफा देखने को मिला है। शनिवार को राज्य में 10,216 लोग संक्रमित पाए गए। 5 महीने बाद पहली बार है, जब एक दिन के अंदर 10,000 से ज्यादा कोरोना मरीज मिले हैं। इसके पहले 17 अक्टूबर को 10,259 लोग पॉजिटिव पाए गए थे।

राज्य के स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के अंदर 6,467 लोग रिकवर हुए और 53 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 21 लाख 98 हजार 399 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 20 लाख 55 हजार 951 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 52 हजार 393 मरीजों की मौत हो गई। 88 हजार 838 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

अब तक 240 लोग नए स्ट्रेन से संक्रमित
देशभर में कोरोनावायरस से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। अब तक 240 मरीजों की पहचान हुई है जिनमें कोरोना का नया स्ट्रेन मिला है। ये नया स्ट्रेन बेहद खतरनाक और तेजी से फैलने वाला है। UK, ब्राजील और अमेरिका इसकी मुसीबत झेल रहे हैं। इन नए स्ट्रेन से अब ऐसे लोग भी संक्रमित मिल रहे हैं जिनके विदेश जाने की कोई हिस्ट्री नहीं है।

वैक्सीन लेने वालों का आंकड़ा आज 2 करोड़ के पार होगा
देश में अब तक 1.90 करोड़ लोगों को वैक्सीन का डोज दिया जा चुका है। आज यह आंकड़ा 2 करोड़ के पार हो जाएगा। भारत दुनिया का 5वां देश है जहां, सबसे ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। यहां 16 जनवरी से वैक्सीनेशन ड्राइव शुरू हुआ था। अमेरिका के बाद भारत इकलौता देश है जहां, हर दिन 10 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन का डोज दिया जा रहा है। अमेरिका में हर दिन 20 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है।

टेस्टिंग का आंकड़ा 22 करोड़, 24 घंटे में 18 हजार मरीज मिले
टेस्टिंग का आंकड़ा 22 करोड़ के पार हो गया है। अब तक 22 करोड़ 3 लाख से ज्यादा लोगों की जांच हो चुकी है। पिछले 24 घंटे के अंदर 18 हजार 292 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 14 हजार 162 लोग रिकवर हुए और 109 की मौत हो गई। अब तक 1 करोड़ 11 लाख 91 हजार लोग संक्रमित पाए गए हैं। इनमें 1 करोड़ 8 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 57 हजार 693 मरीजों की मौत हो गई। 1 लाख 77 हजार 389 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।