नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व और चेन्नै सुपर किंग्स के मौजूदा कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के लिए 2018 का साल इससे बेहतर नहीं हो सकता था। चेन्नै को एक बार फिर से आईपीएल चैंपियन बनाने के बाद धोनी ने अब जर्मनी की सायबर सिक्यॉरिटी कंपनी वार्डविज के साथ अगले 3 सालों के लिए 15 करोड़ रुपये की एंडोर्समेंट डील साइन की है।
2018 Dhoni’s lucky, signing up endorsement deal of Rs 15 crore for three years
इससे पहले धोनी ने पुणे की एक डेकोरेटिव पेंट कंपनी इंडिगो पेंट्स के साथ भी 3 साल की एक ऐसी ही डील साइन की थी। हालांकि, उससे जुड़ी रकम का अभी तक खुलासा नहीं किया गया है। उन्होंने स्पोर्ट्स टेक्नॉलजी स्टार्टअप रन एडम का मेंटर और ब्रैंड एंबेसडर बनने के लिए कंपनी में 25% हिस्सेदारी भी ली है।
वार्डविज के साथ डील साइन करने के बाद धोनी ने कहा, ‘मैं कंपनी के साथ जुड़कर काफी एक्साइटेड हूं। यह फर्म हमेशा पर्सनल कंप्यूटर और मोबाइल सिस्टम्स के कंप्लीट सिक्यॉरिटी के लिए वन-स्टॉप शॉप के रूप में जानी जाती रही है।’ धोनी ने कहा, ‘मैं अपने आइडिया पर भी उसके साथ मिलकर काम कर रहा हूं।’ पीसी और मोबाइल दोनों के लिए सिक्यॉरिटी सलुशन प्रॉडक्ट्स बनाने वाली वार्डविज भारत में पोर्टफोलियो को बढ़ाने की तैयारी कर रही है।
वार्डविज ब्रैंड के साथ जुड़ने पर धोनी का स्वागत करते हुए कंपनी के इंडियन बिजनस के सीईओ अभिजीत खोटे ने कहा कि धोनी भी अपने लक्ष्य हासिल करने के उतने ही उतावले रहते हैं, जितनी कंपनी। वह कंपनी के विजन का सही तरीके से प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने कहा, ‘धोनी के साथ हमारी कंपनी को मेल सटीक है क्योंकि हम दोनों के बीच काफी कुछ कॉमन है।’ उन्होंने बताया, ‘हमें विश्वास है कि हमने धोनी को साथ जोड़कर एक सफर की शुरूआत की है। इस सफर में आगे जो भी आनेवाला है, उसे लेकर हम और भी ज्यादा उत्साहित हैं।’