एक दिन में 3.47 लाख मामले: दिल्ली: वीकेंड कर्फ्यू हटाया जाएगा, निजी दफ्तर भी 50 फीसदी क्षमता से खुलेंगे

0
267

TIO NEW DELHI

देश में गुरुवार को 3 लाख 47 हजार 254 नए कोरोना संक्रमित मिले। इस दौरान 2.51 लाख लोग ठीक हुए, जबकि 701 लोगों की मौत हुई है। वहीं, पिछले दिन के मुकाबले नए संक्रमितों में 29,722 की बढ़ोतरी देखने को मिली है। इससे एक दिन पहले बुधवार को 3.17 लाख लोग संक्रमित मिले थे और 491 लोगों की मौत हुई थी।

देश में पिछले 4 दिनों से रोजाना होने वाली मौतों की संख्या लगातार बढ़ रही है। 17 जनवरी को देश में 310 मौतें हुई थी। वहीं, 4 दिन बाद गुरुवार को यह संख्या 2 गुने से भी अधिक(701) हो गई। ये मौतें तीसरी लहर में सबसे ज्यादा है। सबसे ज्यादा मौतें दिल्ली (43), तमिलनाडु (39), पश्चिम बंगाल (37), महाराष्ट्र (37) में हुई। मौतों का आंकड़ा 8 महीने बाद 700 के पार पहुंचा है। दूसरी लहर में केस घटने के दौरान 11 मई को 724 मौतें दर्ज की गई थी।

फिलहाल देश में 20.12 लाख एक्टिव केस हैं। तीसरी लहर में एक्टिव केस पहली बार 20 लाख के पार पहुंचा है। कुल एक्टिव केस ने 31 दिसंबर को 1 लाख और 8 जनवरी को 5 लाख का आंकड़ा छुआ था। इस लिहाज से महज 21 दिन में कुल एक्टिव केस 20 गुना हो गए हैं।

देश में कोरोना पर एक नजर
कुल संक्रमित : 3,85,66,047
कुल रिकवरी: 3,60,48,868
कुल मौतें: 4,88,396

दिल्ली में कोरोना महामारी को देखते हुए लगाया वीकेंड (सप्ताहांत) कर्फ्यू को समाप्त करने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार सुबह उपराज्यपाल अनिल बैजल से अनुशंसा की है। इसके लिए उन्होंने उपराज्यपाल को पत्र भेजा है।

वीकेंड कर्फ्यू हटाने के साथ-साथ निजी कार्यालयों को 50 फीसदी क्षमता के साथ खोलने व दुकानें खोलने के लिए ऑड-ईवन सिस्टम हटाने का प्रस्ताव भी भेजा गया है। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने इसी महीने वीकेंड कर्फ्यू लगाया था। इसके साथ ही बाजार में दुकानें ऑड-ईविन प्रणाली में खुलती हैं। इससे दुकानदारों को भारी नुकसान हो रहा था।

दुकानदारों का कहना है कि इससे वे महीने में सिर्फ 10 दिन ही दुकान खोल पा रहे थे। अब उम्मीद है कि अगर वीकेंड कर्फ्यू हट जाता है तो उन्हें कुछ राहत मिलेगी।

मध्यप्रदेश में एक दिन में कोरोना के 9603 नए केस मिले हैं। चार मौतें भी रिपोर्ट हुई हैं। एक्टिव केस 55 हजार के पार पहुंच चुके हैं। पॉजिटिविटी रेट 12.4% है। भोपाल में एक दिन में मिलने वाले नए कोरोना संक्रमितों का सबसे बड़ा आंकड़ा आया है। यहां 1991 केस मिले हैं। इनमें 122 बच्चे हैं। भोपाल में इसके पूर्व 28 अप्रैल 2021 को दूसरी लहर के दौरान 1853 केस सामने आए थे और तीन मौत हुई थी। इंदौर में 2838 तो ग्वालियर में 720 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ग्वालियर के केस में 89 बच्चे शामिल हैं। आगर-मालवा ही एकमात्र ऐसा जिला है, जहां एक भी नया केस नहीं है और न ही एक्टिव केस हैं।

भोपाल में एक्टिव मरीजों की संख्या 9800 से पहुंच गई है। 9665 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। 128 अस्पताल में भर्ती है। अब तक 1 लाख 38 हजार 852 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 1 लाख 28 हजार 44 मरीज ठीक हो चुके हैं।

ग्वालियर में गजराराजा मेडिकल कॉलेज के पूर्व डीन का बेटा कोरोना संक्रमित मिला है। JAH के 12 डॉक्टर भी संक्रमण की चपेट में आए हैं। क्राइम ब्रांच के दो जवान, SP ऑफिस में तैनात महिला कॉन्स्टेबल समेत 12 पुलिस जवान संक्रमित मिले हैं। सभी को होम आइसोलेट किया गया है।