भोपाल में कोरोना से 84 साल की महिला की मौत

0
233

TIO भोपाल

राजधानी भोपाल में सोमवार को कोरोना से 1004वीं मौत हुई है। इससे पहले शहर में 25 नवंबर को एक मौत रिपोर्ट हुई थी। एक निजी अस्पताल में 84 वर्षीय कोरोना संक्रमित महिला की मौत हुई। वहीं, रविवार को भोपाल में 8 कोरोना संक्रमित मिले। इनमें एक 14 साल का बच्चा और एम्स का डॉक्टर भी संक्रमित मिला है। रिपोर्ट के अनुसार सभी की ट्रैवल हिस्ट्री मिली है।

रविवार को मिले संक्रमितों में 26 वर्षीय एम्स का डॉक्टर संक्रमित मिला है। बागसेवनिया इलाके का एक 14 वर्षीय बच्चा भी संक्रमित मिला है। पटेल नगर निवासी 40 वर्षीय महिला, अयोध्या नगर निवासी 29 वर्षीय महिला, खजुरी कला निवासी 70 वर्षीय पुरुष, अशोका गार्डन निवासी 30 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा अवधपुरी निवासी एक ही परिवार की 30 वर्षीय और 72 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें अधिकतर महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की ट्रैवल हिस्ट्री वाले केस हैं।

भोपाल में रविवार को 5 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। अभी भोपाल में 71 एक्टिव केस हैं। 42 होम आईसोलेशन और 29 हॉस्पिटल में भर्ती हैं। शहर में अब तक 1 लाख 23 हजार 740 लोगों कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 1 लाख 22 हजार 666 ठीक हो चुके हैं।

भोपाल में टेस्टिंग कम, लेकिन केस ज्यादा

प्रदेश में पिछले 7 दिनों में कुल 3 लाख 93 हजार 102 कोरोना जांच की गई। इसमें 109 संक्रमित मिले। इसमें से 97 रिकवर हो गए। खास बात यह कि भोपाल, इंदौर और जबलपुर में सबसे कम टेस्ट भोपाल में किए गए, लेकिन यहां पर सबसे ज्यादा संक्रमित मिले। भोपाल में 32 हजार 818 जांच में 59 केस, इंदौर में 39 हजार 561 जांच में 30 संक्रमित, जबलपुर में 37 हजार 597 जांच में 9 पॉजिटिव मिले हैं।

1 नवंबर से अब तक के सैम्पल की जीनोम रिपोर्ट भी नहीं आई

भोपाल में अक्टूबर में भेजे गए सैंपल की रिपोर्ट कुछ दिन पहले मिली है, लेकिन नवंबर से अब तक की रिपोर्ट अटकी हुई है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रदेश में ओमिक्रॉन की पहचान कर सरकार की 3T (टेस्ट, ट्रेस और ट्रीट) करने की रणनीति कैसे सफल हो पाएगी।

देश में बीते दिन कोरोना के 6,822 नए केस मिले। पिछले 558 दिनों में नए संक्रमितों की यह सबसे कम संख्या है। सोमवार को 220 कोविड मरीजों की मौत हुई और 10,004 लोग रिकवर हुए। फिलहाल 95,014 एक्टिव केस हैं, जो कि 554 दिनों में सबसे कम है। देश में इस महामारी के खिलाफ वैक्सीनेशन कैंपेन जारी है। अब तक 1.28 अरब टीके लगाए जा चुके हैं।

गोवा में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के 5 संदिग्ध केस मिले

गोवा में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के 5 संदिग्ध केस मिले हैं। ये सभी एक व्यापारी जहाज से गोवा आए हैं। इन्हें क्वारैंटाइन कर दिया गया है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने बताया कि मैं गोवा के लोगों को सूचित करना चाहता हूं कि एक जहाज के चालक दल के 5 सदस्यों को क्वारैंटाइन किया गया है। इनमें ओमिक्रॉन के वायरस होने के संदेह के आधार पर अलग किया गया है।

इनके सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए पुणे भेजे गए हैं। रिपोर्ट का इंतजार है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। वायरस से सुरक्षित रहने के लिए सभी सावधान रहें। गता दें कि देश में अब तक नए वैरिएंट के 24 केस सामने आ चुके हैं। ओमिक्रॉन से संक्रमित लोग कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, दिल्ली और गुजरात में पाए गए हैं।