भोपाल। विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के तीसरे दौर की बैठक में मंगलवार को दूसरे दिन तक 130 सीटों पर मंथन हो चुका है। इन सीटों पर शाम को कमेटी ने एक और बैठक की जिसमें हरेक सीट पर सिंगल नाम तय करने की कोशिश की गई। वहीं, आज सांसद कांतिलाल भूरिया ने मालवांचल के अपने क्षेत्र की सीटों को लेकर पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ से मुलाकात की।
Churning on 130 seats of Congress screening committee in Delhi meeting
सूत्रों के मुताबिक स्क्रीनिंग कमेटी की मंगलवार शाम को दो दौर की बैठक हुई जिसमें कमेटी के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री व दो अन्य सदस्यों के अलावा कमलनाथ, नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह व सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया शामिल हुए। आज के पहले दौर में 64 सीटों पर चर्चा की गई। कमेटी की सोमवार और मंगलवार को हुई बैठकों में अब तक 130 सीटों पर मंथन हुआ।
इन सभी सीटों में से एक-एक सीट पर शाम को दोबारा विचार किया गया और हर सीट पर सिंगल नाम करने की कवायद की गई। गौरतलब है कि इसके पहले स्क्रीनिंग कमेटी को केंद्रीय चुनाव समिति 71 सीटों पर सहमति दे चुकी है। इस प्रकार लगभग 201 सीटों पर कांग्रेस विचार कर चुकी है। शेष सीटों पर बुधवार को स्क्रीनिंग कमेटी चर्चा करेगी।
भूरिया-नाथ की चर्चा
सूत्र बताते हैं कि स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक के पहले सांसद कांतिलाल भूरिया के साथ कमलनाथ की बैठक हुई। भूरिया ने अपने संसदीय क्षेत्र की सीटों के अलावा मालवा-निमाड़ के आदिवासी क्षेत्रों की अनुसूचित जनजाति आरक्षित सीटों पर चर्चा की। इसके बाद कमलनाथ स्क्रीनिंग कमेटी में शामिल हुए। भूरिया शाम इंदौर के लिए रवाना हो गए।
मप्र के दावेदारों का डेरा
प्रदेश में टिकट की दावेदारी को लेकर कांग्रेस में खींचतान मची है और अपने टिकट को पक्का करने के लिए ज्यादातर दावेदार दिल्ली में जमे हुए हैं। पीसीसी के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव, पूर्व सांसद सत्यव्रत चतुवेर्दी, पूर्व मंत्री महेश जोशी से लेकर पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू, पूर्व विधायक अश्विन जोशी, पूर्व विधायक पीसी शर्मा, पीसीसी के पूर्व संगठन प्रभारी महामंत्री चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी, पीसीसी मीडिया विभाग के पूर्व अध्यक्ष मानक अग्रवाल, मनोज शुक्ला, महेंद्र सिंह चौहान, आसिफ जकी आदि दिल्ली में हैं।

