भोपाल। मप्र में विधानसभा चुनावों को लेकर दोनों प्रमुख दलों कांग्रेस और भाजपा में तेजी से बैठकों के दौर चल रहे हैं। भाजपा में दिल्ली में होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति में दावेदारों के नामों पर अंतिम मुहर लगेगी। माना जा रहा है कि अगले माह की पहली तारीख को भाजपा की पहली सूची जारी हो सकती है। इधर कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की लगातार बैठकें जारी है और तीसरे दौर की बैठक में दूसरे दिन तक 130 सीटों पर मंथन होने और इनमें से तकरीबन 84 सीटों पर सिंगल नाम किए जाने की बात सामने आ रही है।
BJP can issue one first list, 84 names being considered in Congress
विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा ़में नामों की सहमति बनती दिख रही है। भाजपा के आंतरिक सूत्रों के अनुसार प्रत्याशियों की पहली सूची एक नवंबर को जारी हो सकती है। दिल्ली में होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में दावेदारों के नामों पर अंतिम मुहर लगेगी। जानकारी के अनुसार पहली सूची में 170 नाम हो सकते हैं। हालांकि यह भी खबर है कि पांच मंत्री समेत 65 विधायकों के नाम काटे जा सकते हैं। भाजपा नेताओं का भोपाल से दिल्ली तक बैठकों का दौर जारी है।
एक ओर जहां भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल, प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे सहित मप्र भाजपा के सभी बड़े नेता प्रत्याशियों के नाम पर मंथन कर रहे हैं। वहीं दिल्ली में होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में भी दावेदारों को लेकर चर्चा हो रही है।
भोपाल में होने वाली बैठक में प्रत्याशियों की सूची फाइनल करने के बाद उसे दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में रखा जाएगा। इसके बाद सूची की घोषणा की जाएगी। पिछले दिनों भोपाल पहुंचे केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा था कि चुनाव के मद्देनजर हर तरह की रणनीति बनाने का काम हो रहा है और इसीलिए यह बैठक बुलाई गई है। उन्होंने यह भी कहा था कि प्रत्याशी चयन को लेकर भी हम फीड बैक ले रहे हैं।
विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन को लेकर कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की लगातार बैठकें जारी है। तीसरे दौर की बैठक में दूसरे दिन तक 130 सीटों पर मंथन होने की बात कही जा रही है। जिसमे लगभग 84 सीटों पर सिंगल नाम तय कर लिए गए हैं। मंगलवार को दो दौर की बैठक में कमेटी के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री कमलनाथ, नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह व सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया शामिल हुए। सूत्रों के अनुसार, कमेटी की सोमवार और मंगलवार को हुई बैठकों में अब तक 130 सीटों पर मंथन हुआ। इसके पहले स्क्रीनिंग कमेटी को केंद्रीय चुनाव समिति 71 सीटों पर सहमति दे चुकी है। इस प्रकार लगभग 201 सीटों पर कांग्रेस विचार कर चुकी है।

