2019 के लिए खेमेबंदी करने में जुटे चन्द्रबाबू नायडू, नोटबंदी-नीरव मोदी के बैंक घोटाले को मोदी सरकार पर बोला हमला

0
234

नई दिल्ली। सियासत भी अजीब चीज है। अब चंद्रबाबू नायडू को ही लीजिए। कल तक मोदी सरकार के साथी रहे नायडू आज बीजेपी सरकार के खिलाफ मोचार्बंदी में लगे हुए हैं। नायडू ने न केवल बीजेपी के खिलाफ विपक्ष को एकजुट करने की कोशिश में हैं। इसके अलावा वह 2019 की राजनीति कैसी हो, इसकी खेमेबंदी करने में जुटे हुए हैं। इस कड़ी में नायडू ने शनिवार को दिल्ली में मेगा बैठकें की हैं और नोटबंदी व माल्या-नीरव के बैंकिंग घोटाले को लेकर मोदी सरकार पर हमला बोल दिया है।
Chandrababu Naidu, Nayabandi-Nirav Modi’s bank scam in 2019
रविवार को सुबह जब उत्तर भारत की राजनीति, राजनेता और जनता गुनगुनी ठंड में अलसाये हुए रहे होंगे तब दक्षिण भारत की राजनीति के इस क्षत्रप के कुछ ट्वीट्स ने देश के सियासी पारे को अचानक चढ़ा दिया। नायडू ने न केवल विपक्ष के कद्दावर नेताओं के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीरें ट्वीट कीं बल्कि नश्तर की तरह चुभने वाले आरोप लगा मोदी सरकार को घेर भी लिया। सियासत के जानकार नायडू की इस कवायद को उनकी विपक्षी एकता का केंद्रबिंदु बनने की लालसा से जोड़कर देख रहे हैं ताकि 2019 में उनकी प्रासंगिकता मजबूती से बनी रहे।

पिछले 4 सालों के फ्रॉड, मोदी सरकार की उपलब्धियों पर भारी: नायडू
शनिवार को नायडू दिल्ली पहुंचे थे और रविवार सुबह उन्होंने देश की राजधानी में अपनी आमद के असल मकसद को माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर साझा कर दिया। नायडू ने मोदी सरकार की दो साल पुरानी नोटबंदी की कवायद को अपने हमले का लॉन्चिंग पैड बनाते हुए ट्वीट में लिखा कि देश का हर आदमी इससे परेशान हुआ और जीएसटी ने इस क्राइसिस में इजाफा ही किया। नायडू ने आरोप लगाया कि चार सालों के दौरान कालेधन के खिलाफ लड़ाई का एक भी ईमानदार प्रयास नहीं दिखा। नायडू ने लिखा कि नोटबंदी की वजह से देश का विकास रुक गया और निवेशकों का भरोसा खत्म हो रहा है।

नायडू यहीं नहीं रुके। सीरीज में किए गए कई ट्वीट्स में उन्होंने मोदी सरकार को कई फ्रंट पर घेरा। नायडू ने अगले ट्वीट में लिखा कि पिछले 4 सालों में हुए फ्रॉड बीजेपी सरकार की उपलब्धियों पर भारी हैं। उन्होंने विजय माल्या के 9000 करोड़, नीरव मोदी के 11500 करोड़, जतिन मेहता के 7000 करोड़ और नितिन संदेसारा के 5000 करोड़ रुपये के घोटालों के आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि लोगों का पैसा लेकर ये इतनी आसानी से भागने में कैसे कामयाब हो गए?

मोदी सरकार के खिलाफ विपक्षी नेताओं की एकजुटता का किया आह्वान
आंध्र प्रदेश के सीएम और टीडीपी मुखिया चंद्रबाबू नायडू ने मोदी सरकार पर किसानों की लोन क्राइसिस पर ध्यान नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले, महिलाओं पर हमले, सांप्रदायिक हिंसा बढ़ी है। उन्होंने देश के विपक्षी नेताओं से एकजुटता का आह्वान करते हुए कहा कि देश को अराजकता की स्थिति से निकालने के लिए एकसाथ आने की जरूरत है।