बीजेपी चीफ आज छग में जारी करेंगे संकल्प पत्र, हर वर्ग को लुभाने की करेंगे कोशिश

0
358

रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शनिवार को विधानसभा चुनाव का संकल्प पत्र जारी करेंगे। शाह राजधानी में आला नेताओं की मौजूदगी में हर वर्ग की चिंता का समाधान करने वाला संकल्प पत्र जारी करेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने बताया कि प्रदेश में पिछले 15 साल में सरकार की ओर से हर वर्ग के लिए चलाई जा रही योजनाओं की बेहतरी का संकल्प पेश किया जाएगा। इसमें किसान, युवा, महिला और आदिवासी वर्ग पर खास फोकस किया गया है। किसानों के धान का बोनस, आय दोगुनी करने की प्लानिंग संकल्प पत्र में पेश की गई है।
BJP Chief will try to woo the Sankalp letter, every class will be released today in Chhag
भाजपा ने सभी संभाग से आम आदमी के सुझावों को संकल्प पत्र में शामिल किया है। पार्टी की घोषणा पत्र समिति के पदाधिकारियों ने रायपुर, दुर्ग, बस्तर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग में लोगों से सुझाव लिये थे। इसके साथ ही आनलाइन सुझाव भी मंगाए गए थे, जिसमें करीब चार हजार से ज्यादा सुझाव आए थे। कमेटी ने इसे बेहतर करके नये सिरे से तैयार किया है।

भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो प्रदेश में किसानों पर सरकार का फोकस है। केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की रमन सरकार की योजनाओं का विस्तार करते हुए किसानों की आय को दोगुनी करने का रोडमैप संकल्प पत्र के माध्यम से पेश किया जाएगा। अब तक किसानों को बिजली में छूट, खेती और डेयरी में सब्सिडी दी जा रही थी। अब समग्र कृषि के लिए प्लान पेश किया जा सकता है। इसमें खेती और पशुपालन एक साथ करने पर विशेष प्लान किया जाएगा।

पहले चार को घोषित होने वाला था संकल्प पत्र
भाजपा का संकल्प पत्र चार नवंबर को जारी होने वाला था, लेकिन अमित शाह का समय नहीं मिलने के कारण संकल्प पत्र की घोषणा के कार्यक्रम को टाल दिया गया है। विधानसभा चुनाव को लेकर तैयार संकल्प पत्र में भाजपा कोई बड़ी और लोकलुभावन घोषणा करने की तैयारी में नहीं है। हर जिले में महिला वर्किंग हॉस्टल, हर ब्लाक में केंद्रीय विद्यालय की तर्ज पर स्कूल, आदिवासियों के विकास के लिए वनोपज आधारित उद्योग पर राहत, फूड प्रोसेसिंग यूनिट के लिए सहायता जैसी घोषणाएं की जा सकती है।

सामाजिक सुरक्षा पर रहेगा जोर
बताया जा रहा है कि सामूहिक विवाह योजना, गर्भवती माता के लिए योजना, स्वास्थ्य बीमा योजना, पेंशन योजना में राशि बढ़ाने का संकल्प ले सकते हैं। वनोपज भंडारण और प्रोसेसिंग यूनिट लगाने पर सहायता का प्रावधान किया जा सकता है। शहरों के विकास की प्लान, हर आदमी का घर, डिजिटल छत्तीसगढ़, कालेज छात्रों को लैपटाप, सरस्वती साइकिल योजना का दायरा बढ़ाएंगे।