प्रदेश की पूर्व महिला आईएएस अधिकारी ने शिवराज को बताया कंस वाले मामा, लगा रही है गंभीर आरोप

0
355

भोपाल। एक ओर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खुद को प्रदेश के सभी बच्चों का मामा कहकर अपने को उनका सबसे बड़ा हितैषी बताते घूम रहे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रदेश की एक पूर्व महिला आईएएस अधिकारी उनके खिलाफ मुहिम चला रही हैं। वह शिवराज पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें ‘घर से बाहर’ निकालने की अपील जनता से कर रही हैं। वह लोकभाषा में गा-गाकर लोगों को यह समझा रही हैं कि अगर कोई किसी का मामा है तो वह किसी का साला भी है। अगर घर को सलामत रखना है तो साले को ज्यादा दिन तक घर में नहीं रहने देना चाहिए।
Former IAS officer of the state told Shivraj that the uncle, uncle is putting serious allegations
शशि कर्णावत नाम की महिला आईएएस अधिकारी को शिवराज सरकार ने भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद समय से पहले सेवानिवृत्ति दे दी थी। इस मामले में राज्य सरकार के खिलाफ उनका मुकदमा अभी भी अदालत में लंबित है। प्रदेश में कलेक्टर जैसे ओहदे पर रही शशि कर्णावत शिवराज से लड़ने के लिए कांग्रेस से जुड़ गई हैं। विधानसभा चुनाव में वह खुद को अत्याचार का सबसे बड़ा शिकार बताकर बीजेपी के खिलाफ प्रचार कर रही हैं। शशि मंच पर लोकभाषा में गीत गाती हैं। साथ ही लोगों को यह समझा रही हैं कि मुख्यमंत्री शिवराज कृष्ण वाले नहीं कंस वाले मामा हैं।

शशि ने उन विषयों पर लोकगीत भी लिखे हैं जो इस चुनाव में अहम मुद्दे हैं। जब उनसे पूछा गया कि उनकी इस मुहिम की वजह क्या है? तब उन्होंने कहा, ‘मैं प्रदेश की जनता के सामने मुख्यमंत्री की असलियत रखना चाहती हूं। इस व्यक्ति ने मेरे सिर पर हाथ रख कर कहा था कि बहन मैं तुम्हारे साथ अन्याय नहीं होने दूंगा। लेकिन उसी ने मुझे जबरन सेवानिवृत्त करवाया। घर से मेरा सामान बाहर फिंकवाया।

आज तक मुझे कोई भुगतान नहीं मिलने दिया। जब मेरे साथ यह किया जा सकता है तो आम गरीब जनता के साथ क्या नहीं हो सकता है।
शशि कहती हैं, ‘शिवराज खुद को मामा बताते हैं। शशि कहती हैं कि मामा बनने से व्यक्ति साला बनता है। साले को ज्यादा दिन घर में नहीं रखा जाता। पुरानी कहावत है कि साले को घर में रखने से घर बिगड़ता है।

मैं भी लोगों से यही कह रही हूं कि घर बचाना है तो 13 साल से जमे बच्चों के इस मामा को तो निकालना ही पड़ेगा। फिर यहां सिर्फ घर नहीं पूरे प्रदेश को बचाने का सवाल है।’ शशि बीजेपी के महिला घोषणा पत्र पर भी सवाल उठाती हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी महिलाओं के उत्पीड़न को रोकने की बजाय थानों में रेप किट रखने की बात कह रही है। इससे बड़ा मजाक और क्या हो सकता है।

शशि कर्णावत ने शिवराज के खिलाफ हर मुद्दे पर लोकगीत लिखा है, जिसे वह मंच से खुद गा कर सुनाती हैं। 58 साल की शशि रामायण के साथ अन्य धर्मग्रंथों पर भी गहरी पकड़ रखती हैं। कांग्रेस ने उन्हें प्रचार का काम सौंपा है। वह अगले कुछ दिन शिवराज के चुनाव क्षेत्र बुधनी में बिताने वाली हैं। देखना यह होगा कि उनकी मुहिम कितनी असरदार साबित होती है।