ईरान के साथ अहम डील पर हस्ताक्षर, क्रूड आयल का भुगतान अब रुपए में करेगा भारत

0
213

नई दिल्ली। तेल आयात को लेकर भारत ने ईरान के साथ एक अहम डील की है। भारत ने ईरान से आयात किए जाने वाले क्रूड आॅइल का भुगतान अब रुपये में करने को लेकर समझौते पर हस्ताक्षर किया है। इस घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने बताया है कि ईरान पर अमेरिका के नए प्रतिबंधों के 5 नवंबर से लागू होने के बाद भारत ने इस्लामिक राष्ट्र के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए। आपको बता दें कि अमेरिका ने भारत और 7 अन्य देशों को प्रतिबंध के बावजूद ईरान से कच्चा तेल खरीदने की छूट दी है।
Signing an important deal with Iran, payment of crude oil will now be made in rupees India
सूत्रों का कहना है कि भारतीय रिफाइनरियां यूसीओ बैंक में नैशनल ईरानियन आॅइल कंपनी (एनआईओसी) के खाते में रुपये में भुगतान करेंगी। उनका यह भी कहना है कि इसकी आधी धनराशि ईरान भारतीय सामानों की खरीद पर खर्च करेगा। अमेरिकी प्रतिबंधों के तहत भारत ईरान को अनाज, दवाएं और मेडिकल उपकरण निर्यात कर सकता है। अब तक भारत अपने तीसरे सबसे बड़े तेल आपूर्तिकर्ता देश को यूरोपियन बैंकिंग चैनलों के जरिए यूरो में भुगतान करता रहा है। अब ये चैनल नवंबर से ब्लॉक कर दिए गए हैं।

चीन के बाद भारत दूसरा खरीदार
ईरान से तेल आयात कम करने और भुगतान रोकने के बाद भारत को छूट मिली हुई है। 180 दिनों की मिली छूट के दौरान भारत प्रतिदिन अधिकतम 3 लाख बैरल्स क्रूड आॅइल का आयात कर सकता है। हालांकि इस साल भारत ने औसतन करीब 5.6 लाख बैरल्स प्रतिदिन तेल का आयात किया है। आपको बता दें कि चीन के बाद ईरानी तेल का भारत दूसरा सबसे बड़ा खरीदार है।

तेल खरीद की मात्रा घटी
सूत्रों के मुताबिक छूट के तहत भारत ने अपनी तेल खरीद को 2017-18 वित्त वर्ष में खरीदे गए 4.52 लाख बैरल्स प्रतिदिन से घटाकर 3 लाख बैरल्स प्रतिदिन (यानी हर महीने आयात 1.25 मिलियन टन) तक सीमित कर दिया है। भारत की 2 रिफाइनरियां- इंडियन आॅइल कॉपोर्रेशन और मंगलोर रिफाइनरी ऐंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड ने ईरान से नवंबर और दिसंबर में 1.25 मिलियन टन तेल खरीदा है।

80 फीसदी तेल खरीदता है भारत
भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा तेल उपभोक्ता है, जो अपनी जरूरतों का 80 फीसदी तेल आयात से पूरा करता है। वहीं, इराक और सऊदी अरब के बाद ईरान तीसरा सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता देश है और कुल जरूरतों का 10 फीसदी योगदान करता है।