ग्वालियर। महारानी लक्ष्मीबाई उत्कृष्ट कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में बनाए गए स्ट्रांग रूम के बाहर लगाई गई एलईडी खराब हो गई. यह देखकर स्ट्रांग रूम की निगरानी पर बैठे कांग्रेसियों ने हंगामा कर दिया. खबर मिलते ही जिला दंडाधिकारी संदीप केरकेट्टा वहां पहुंचे और स्क्रीन बंद होने को तकनीकी खराबी बताया.
Gwalior LED lights out of the Strong Room was bad, Congressmen attacked
दरअसल निष्पक्षता के लिए सभी स्ट्रांग रूम के बाहर एलईडी डिस्प्ले स्क्रीन लगाई गई है. लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता फिर भी स्ट्रांग रूम के बाहर बैठकर निगरानी कर रहे हैं. इसी दौरान डिसप्ले स्क्रीन बंद हो गई, जिसके बाद कांग्रेसियों ने हंगामा मचा दिया. कांग्रेस प्रत्याशी मुन्नालाल गोयल प्रवीण पाठक और देवेंद्र तोमर अपने समर्थकों के साथ एमएलबी कॉलेज पहुंच गए, जहां उन्होंने जमकर नारेबाजी की.
हंगामे की खबर मिलते ही अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी संदीप केरकेट्टा वहां पहुंचे. बाद में पता चला कि वहां बिजली कनेक्शन को सीधे तार से लगाया गया था, जिसके हिलने के कारण पिक्चर गायब हो जाती थी. अब तार के लिए प्लग की व्यवस्था की गई है. वहीं कांग्रेसियों का कहना है कि इतनी पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के बीच एलईडी से पिक्चर गायब होना कई सवाल खड़े करता है, प्रशासन को इस पर गंभीरता बरतनी चाहिए लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है. कुछ देर बाद डिस्प्ले ठीक हुआ, तब जाकर मामला शांत हुआ.

