नई दिल्ली। राजस्थान के 22वें मुख्यमंत्री के रूप में अशोक गहलोत ने शपथ ले ली है। राज्यपाल कल्याण सिंह ने उन्हें शपथ दिलाई। इसी के साथ वह राज्य के तीसरी बार मुख्यमंत्री बने हैं। उनके साथ सचिन पायलट ने भी शपथ ली। वह राजस्थान के उपमुख्यमंत्री नियुक्त किए गए हैं। सचिन पायलट ने मंत्री पद की शपथ ली क्योंकि उप मुख्यमंत्री पद का कोई उल्लेख संविधान में नहीं है, इसलिए उन्हें मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है। मंत्रिमंडल का फैसला बाद में राहुल गांधी के परामर्श से होगा।
Ashok Gehlot becomes the 23rd chief minister of Rajasthan, Sachin Pilot becomes deputy CM
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे भी कार्यक्रम स्थल में मौजूद रहीं। समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ मनमोहन सिंह, मल्लिकार्जुन खड़गे, ज्योतिरादित्य सिंधिया, नवजोत सिंह सिद्धू, जितिन प्रसाद समेत यूपीए के कई दिग्गज मौजूद रहे। जयपुर के ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल में शपथग्रहण का समारोह हुआ। हालांकि बसपा सुप्रीमो मायावती, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शपथ समारोह में नदारद नजर आए, जिसके कई सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं।
गहलोत के शपथ समारोह में कौन-कौन आए?
राहुल गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अलावा पूर्व पीएम एचडी देवेगौड़ा,शरद यादव, शरद पवार, फारूक अब्दुल्ला, चंद्रबाबू नायडू, कर्नाटक के मुख्यमंत्री कुमारस्वामी, तेजस्वी यादव, डीएमके नेता एमके स्टालिन और कनिमोरी, बाबूलाल मरांडी एवं हेमंत सोरेन और उपेंद्र कुशवाहा शामिल हुए। शपथ ग्रहण समारोह अल्बर्ट हॉल में आयोजित किया गया। गहलोत के शपथ ग्रहण के बाद सभी नेता मध्य प्रदेश में कमलनाथ के शपथग्रहण समारोह में पहुंचे हैं।
जाहिर है कि आज कांग्रेस के लिए बड़ी उपलब्धि का दिन है। कभी पूरे देश में राज करने वाली कांग्रेस हाल में पांच राज्यों के चुनाव होने से पहले तक सिर्फ पंजाब और केंद्र शासित राज्य पुडुचेरी तक सिमट गई थी, लेकिन तीन राज्यों की जीत ने साख पर आ चुकी कांग्रेस के अंदर नई ऊर्जा भर दी है। कर्नाटक में पार्टी जनता दल (सेकुलर) के साथ गठबंधन सरकार चला रही है, लेकिन चुनाव नतीजे आने के बाद तीन और राज्य उसके खाते में जुड़ गए। हिंदी बेल्ट राज्य राजस्थान में गहलोत शपथ ले चुके हैं और अन्य दो राज्यों मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस के मुख्यमंत्री आज शपथ लेने जा रहे हैं।

