रायपुर। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पूनम चंद्राकर ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को किसानों से वादाखिलाफी करने वाला मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि केवल 16 लाख किसानों का कर्ज माफ कर कांग्रेस अपना चरित्र उजागर कर रही है। प्रदेश में 32 लाख किसान हैं, जिन्हें कर्ज माफी का लाभ मिलना चाहिए, लेकिन दिखावे के लिए 16 लाख किसानों का कर्ज माफ कर कांग्रेस वाहवाही लूट रही है।
Chhattisgarh: BJP on the issue of controversy over farmers, how tangled Congress will become, Ganga Jal will become acid
उन्होंने कहा कि असमय बारिश से किसानों को भारी नुकसान हुआ है, जिसकी भरपाई के तौर पर किसानों को शीघ्र ही मुआवजा मिलना चाहिए। किसानों को रिजर्व बैंक से मान्यता प्राप्त सभी बैंकों से कृषि ऋण तत्काल माफ होना चाहिए। साथ ही बिजली बिल आधा करने की घोषणा पर तत्काल अमल होना चाहिए।
वहीं, गंगाजल उठाकर खाई गई सौगंध के पूरा होने वाले बयान पर भाजपा प्रवक्ता शिवरतन शर्मा ने पलटवार किया है। शिवरतन ने कहा कि कोई भी सगा बचा नहीं, जिसे कांग्रेसियों ने ठगा नहीं, वाली अपनी घटिया सोच का परिचय मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अल्पकालीन ऋण माफी के आदेश में दिखाई दिया है। कांग्रेस ने अपने जन घोषणा पत्र व राहुल गांधी ने अपने भाषणों में लगातार कहा था कि 10 दिन के भीतर किसानों का कर्ज माफ होगा, लेकिन आज के आदेश में केवल अल्पकालीन ऋण माफी की बात लिखी है।
कांग्रेस पार्टी ने किसानों को ठगने का काम किया है। वादा अनुसार अल्पकालीन ऋण के साथ मध्यकालीन व दीर्घकालीन ऋण को माफ करने की घोषणा करे अन्यथा तैयार रहें अपनी जड़ जमाने से पहले उखड़ने के लिए। भाजपा ही किसानों की आमदनी बढ़ाने व अपनी नीति से किसानों को कर्ज के बोझ से बचाने वाली रही है। कांग्रेस नेताओं द्वारा हाथ में लिये गंगाजल को हमेशा याद रखना चाहिए। अगर कांग्रेस ने फिर से धोखाधड़ी करने की कोशिश की तो यही गंगाजल उनके लिए एसिड बनेगा।

