बिहार में महागठबंधन का आज हो सकता है ऐलान, तेजस्वी बोले- शाम तक तस्वीर हो जाएगी साफ

0
210

पटना। लोकसभा चुनाव से पहले बिहार में एक ओर एनडीए गठबंधन टूटता नजर आ रहा है तो दूसरी ओर महागठबंधन की राह तेज हो चली है। खबर के मुताबिक, गुरुवार शाम तक महागठबंधन का औपचारिक ऐलान हो सकता है और इसमें राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा भी शामिल हो सकते हैं। आरजेडी नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी इस ओर इशारा करते हुए कहा है कि आज शाम तक तस्वीर साफ हो जाएगी। उधर एलजेपी के अल्टिमेटम देने के बाद बिहार सीएम नीतीश कुमार दिल्ली में शुक्रवार को अमित शाह से मुलाकात कर सकते हैं।
The announcement of the grand alliance in Bihar may be announced today;
मीडिया से बातचीत में तेजस्वी ने कहा, ‘चीजें आज शाम तक स्पष्ट हो जाएंगी और आपको सब मालूम हो जाएगा। हमने पहले भी लोगों को बुलाया है। अगर उपेंद्र कुशवाहा जी देश के लिए अच्छा चाहते हैं तो हम उन्हें आमंत्रित करते हैं। इधर क्षेत्रीय पार्टियों को कुचलने के प्रयास किए जा रहे हैं। यहां तक कि एलजेपी भी मोदी जी के गुट से खुश नहीं है और यह तथ्यों को साबित करता है।’

बताया जा रहा है कि दिल्ली में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा( हम) नेता जीतनराम मांझी, आरएलएसपी लीडर उपेंद्र कुशवाहा की बैठक होने वाली है। माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद ही महागठबंधन का औपचारिक रूप से ऐलान हो सकता है। हालांकि सीटों के बंटवारे में अभी कुछ और वक्त लिया जा सकता है। अभी तक जो तस्वीर बनती दिख रही है उसके अनुसार, विपक्षी खेमे को आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव लीड कर सकते हैं।