छत्तीसगढ़: शाह का फार्मूला तय, एक लोकसभा में तैनात होंगे 18 पदाधिकारी

0
220

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने स्पेशल-18 का फार्मूला दिया है। प्रदेश में एक लोकसभा में 18 पदाधिकारियों को तैनात किया जाएगा, जिनके नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा। लोकसभा प्रभारी की नियुक्ति के लिए शाह की टीम ने प्रदेश संगठन से नाम मंगाए हैं।
Chhattisgarh: Shah’s formula fixed, 18 officers to be deployed in a Lok Sabha
भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो एक लोकसभा में एक लोकसभा प्रभारी, एक-एक संयोजक, सहसंयोजक, विस्तारक और समन्वयक नियुक्त किया जाएगा। इसके साथ ही तीन मीडिया मैनेजर और तीन सोशल मीडिया मैनेजर बनाया जाएगा। साथ ही सात पदाधिकारियों को विधानसभावार जिम्मेदारी दी जाएगी।

छत्तीसगढ़ में लोकसभा की 11 में से दस सीट पर भाजपा के सांसद हैं। विधानसभा चुनाव में वोट के गणित को देखें तो प्रदेश में भाजपा की हालत खराब है और एक भी लोकसभा पूरी तरह जितने की स्थिति में नहीं है। इसको देखते हुए शाह ने प्रदेश संगठन के नेताओं से चर्चा की है। बताया जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक और संगठन महामंत्री पवन साय ने एक-एक लोकसभा की रिपोर्ट दी है।

केंद्रीय संगठन ने प्रदेश संगठन से हर लोकसभा में एक-एक प्रभारी के नाम मंगाए हैं। इसके बाद संयोजक और सहसंयोजक तय किया जाएगा। बताया जा रहा है कि 12 जनवरी से पार्टी लोकसभा चुनाव के लिए अभियान शुरू करने जा रही है। इसमें युवा मोर्चा और महिला मोर्चा को भी जिम्मेदारी दी गई है।

हर मोर्चे का अलग-अलग प्रदेश में होगा राष्ट्रीय सम्मेलन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष कौशिक ने बताया कि हर मोर्चे का अलग-अलग प्रदेश में सम्मेलन होगा। इसमें सभी प्रदेशों के मोर्चा प्रभारी और पदाधिकारी शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ में भी एक मोर्चे का कार्यक्रम होगा, लेकिन अभी तक इसे फाइनल नहीं किया गया है। वहीं, युवा मोर्चा 12 जनवरी से पहला वोट मोदी के नाम अभियान शुरू करने जा रहा है। पहली बार के वोटर को साधने के लिए भाजपा युवा आइकान नेटवर्क और कैंपस एंबेसडर अभियान भी चलाएगी।