मप्र किसान कर्ज माफी: ऋण खाते से आधार लिंक कराना है जरूरी, तभी मिलेगा लाभ

0
847

ग्वालियर। प्रदेश के किसान मुख्यमंत्री कर्ज माफी योजना के तहत केवल दो लाख रुपए तक कर्ज माफी का लाभ ले सकेंगे। योजना का लाभ उन किसानों को मिलेगा जिन्होंने बैंक से खाद-बीज या केवाईसी के तहत कर्ज ले रखा है। कर्जमाफी का लाभ लेने के लिए ऋण खाते से आधार का लिंक होना आवश्यक है। आधार कार्ड लिंक न होने व आवेदन न करने पर किसान इस योजना का लाभ नहीं ले सकेंगे।
MP farmer debt waiver: Aadhaar link is required from the loan account, only then will the benefit
एमपी आॅनलाइन द्वारा 15 जनवरी से लाइव पोर्टल चालू किया जा रहा है, जिस पर किसानों से मिलने वाले आवेदन आॅनलाइन अपडेट किए जाएंगे। किसानों को तीन श्रेणियों में रखा जाएगा। किसान जिस श्रेणी में आएगा उसे उस रंग का फॉर्म भरना होगा, फार्म किसान को निशुल्क मिलेगा। योजना से जिले के लगभग 70 हजार किसान लाभान्वित होंगे।

15 से सूची होगी चस्पा, तीन रंग के मिलेंगे फॉर्म
15 जनवरी से ग्राम पंचायत भवन व वार्ड आॅफिस पर कर्जदार किसानों की सूची चस्पा की जाएगी। सूची तीन तरह की होगी- हरी सूची, सफेद सूची व गुलाबी सूची। हरी सूची में उन किसानों के नाम होंगे जिनके आधार खाते से लिंक हैं। सफेद सूची में उन किसानों के नाम होंगे जिनके खाते से आधार लिंक नहीं है तथा गुलाबी सूची में वे किसान होंगे जिनका नाम इन दोनों सूची में गलत लिखा है या फिर नाम है ही नहीं। हरी सूची में नाम आने वाले किसान हरा, सफेद सूची वाले किसान सफेद व जिनका नाम इन दोनों में नहीं है या फिर गलत नाम दर्ज है, उन्हें गुलाबी रंग का फॉर्म भरना होगा।

यहां कराएं फॉर्म जमा
किसान जिस ग्राम पंचायत में निवासरत हैं, वह उसी पंचायत में ग्राम सचिव, ग्राम रोजगार सहायक व नोडल अधिकारी के पास फार्म जमा कर सकते हैं। निगम सीमा में आने वाले किसान वार्ड आॅफिस में फॉर्म जमा कर सकते हैं।

दो लाख से अधिक का कर्ज स्वयं चुकाएं
किसान को दो लाख रुपए तक की कर्ज माफी का लाभ मिलेगा। भले ही किसान ने अलग-अलग बैंकों से किसान के्रडिट कार्ड के तहत अधिक कर्ज ले रखा हो। किसान का जिन बैंकों में खाता है वहां पर आधार लिंक कराना आवश्यक है। दो लाख से अधिक का कर्ज स्वयं अदा करना होगा।

सम्मान प्रमाण पत्र भी मिलेगा
एक अप्रैल 2007 से 31 मार्च 2018 के बीच कर्ज लेने वाले सभी किसानों को कर्ज माफी का लाभ मिलेगा। शासन से राशि पहुंचने के बाद बैंक किसान को ऋण मुक्ति का प्रमाण पत्र देगा। इसके साथ ही 12 दिसंबर 2018 तक जो किसान आंशिक या कर्ज का पूर्ण भुगतान कर चुके हैं, उन्हें भी इसका लाभ मिलेगा। बैंक में शासन की ओर से राशि पहुंचने के बाद बैंक बकाया काटकर बाकी का पैसा किसान के खाते में पहुंचाएगा। जो किसान आंशिक या पूर्ण भुगतान कर चुके हैं उन्हें बैंक की ओर से सम्मान प्रमाण पत्र भी मिलेगा।