प्रयाग में संगम के तट पर होगी कैबिनेट बैठक, हिन्दुत्व के कोर अजेंडे को साधेगी योगी सरकार

0
378

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के इतिहास में पहली बार कैबिनेट की बैठक राजधानी लखनऊ के बाहर प्रयागराज में चल रहे कुंभ में संगम तट पर होगी। मुख्यमंत्री योगी अदित्यनाथ की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में गांव, किसान के साथ ही हिंदुत्व के कोर अजेंडे को साधने की दिशा में फैसले हो सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, योगी कैबिनेट राम मंदिर मसले पर सुप्रीम कोर्ट से जल्द सुनवाई के अनुरोध का प्रस्ताव पास कर सकती है।
Cabinet meeting on the banks of Sangam at Prayag, the core agenda of Hindutva is simple government Yogi
चुनावी साल में हो रहे कुंभ में योगी सरकार ने प्रयागराज में कैबिनेट की बैठक ऐसे वक्त में रखी है जब इसके दो दिन बाद ही वहां धर्म संसद होनी है, जिसका मुख्य अजेंडा ही अयोध्या में राम मंदिर निर्माण है। संत और समर्थक दोनों ही इसके लिए केंद्र-प्रदेश सरकार पर कानून का दबाव बना रहे हैं। ऐसे में कैबिनेट राम मंदिर पर सरकार की प्रतिबद्धता दिखाने के लिए इससे जुड़े कुछ प्रस्ताव पास कर सकती है।

बैठक में आस्था और राष्ट्रवाद का भी संगम
प्रयागराज में संगम तट पर मंगलवार को होने वाली कैबिनेट की बैठक में आस्था और राष्ट्रवाद का भी संगम होगा। योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में सरकार के 22 कैबिनेट मंत्री जहां दर्शन, पूजन के साथ ही कुंभ में डुबकी लगाएंगे, वहीं सर्जिकल स्ट्राइक पर बनी फिल्म उरी भी कैबिनेट को दिखाने की तैयारी है। बैठक मेला क्षेत्र में बने इंटीग्रेटेड कमांड ऐंड कंट्रोल सेंटर में 11 बजे शुरू होगी।

इससे पहले मुख्यमंत्री सहित पूरी कैबिनेट अक्षयवट, सरस्वती कूप और हनुमान मंदिर जाकर दर्शन-पूजन करेगी, जबकि कैबिनेट के बाद संगम में डुबकी लगाने जाएंगे। इसके बाद प्रयागराज में स्थित नाथ संप्रदाय के अखाड़े में मंत्री भोजन करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरक्षपीठ के महंत के तौर पर स्वयं मेजबान की भूमिका में रहेंगे।

डुबकी और दर्शन के बाद मंत्री देखेंगे उरी फिल्म
स्वास्थ्य मंत्री और प्रवक्ता सिद्धार्थनाथ सिंह ने बताया कि प्रदेश के इतिहास में यह पहला अवसर है जब कैबिनेट की बैठक राजधानी से बाहर होगी। बैठक के बाद मोबाइल थिअटर में उरी फिल्म भी दिखाई जाएगी। लंच के बाद कैबिनेट के सदस्य अखाड़ा परिषद के पदाधिकारियों के साथ नेत्र कुंभ भी जाएंगे। सूत्रों के अनुसार कैबिनेट की बैठक में उरी को टैक्स फ्री किए जाने का भी फैसला किया जा सकता है। इसके साथ ही कैबिनेट मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण में कुष्ठ पीड़ितों के लिए भी आवास के प्रस्ताव को मंजूरी दे सकती है। यूपी कृषि उत्पादन मंडी में कुछ बदलावों को प्रभावी बनाने के लिए नियमावली बनाने पर भी कैबिनेट फैसला ले सकती है।

कैबिनेट बैठक में नहीं शामिल होंगे राजभर
सुहैलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री ओम प्रकाश राजभर मंगलवार को होने वाली कैबिनेट बैठक में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि बैठक में मंत्रियों की कोई बात तो सुनी नहीं जाती है। वह खुद आरक्षण के वर्गीकरण की मांग कई बार रख चुके हैं लेकिन सरकार सुन नहीं रही। मुंह दिखाने के लिए बैठक में शामिल होने का कोई मतलब नहीं है।