पटना। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के पटना में लगाए गए पोस्टर्स को अज्ञात युवकों द्वारा फाड़ने का मामला सामने आया है। इन पोस्टर्स पर राहुल गांधी को भगवान राम के रूप में दिखाया गया था। कांग्रेस ने 3 फरवरी को पटना में होने वाली रैली से पहले ये पोस्टर्स शहर में लगवाए थे। इन पर लिखा गया था, ‘वे राम नाम जपते रहे, तुम बनकर राम जियो रे।’ अब अज्ञात उपद्रवियों द्वारा इन पोस्टर्स को फाड़ने की घटना देखने को मिली है।
Unidentified miscreants threw Rahul Gandhi’s poster with Ram Avatar
पटना में शुक्रवार रात कुछ उपद्रवियों ने राम अवतार में दिखाए गए राहुल गांधी वाले पोस्टर फाड़ दिए। इन पोस्टर्स में राम बने राहुल के अलावा प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी और अन्य कांग्रेसी नेताओं की तस्वीरें भी थीं। इसी के साथ पोस्टर के जरिए बीजेपी पर तंज भी किया गया था। इसमें लिखा गया था- वे राम नाम जपते रहे, तुम बनकर राम जियो रे।
बता दें कि पटना में कांग्रेस की जन आकांक्षा रैली होने वाली है। इससे पहले मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले राहुल की शिवभक्त वाली छवि पोस्टरों के माध्यम से दिखाई गई थी। कांग्रेस के इस अनोखे प्रचार पर विरोधी पार्टियों ने निशाना साधते हुए इसे पॉलिटिकल स्टंट बताया था।
पटना के गांधी मैदान में 3 फरवरी को होने वाली रैली में राहुल गांधी भी शामिल होंगे। पोस्टर को लेकर बिहार में सत्ताधारी जेडी (यू) के प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा था कि यह कांग्रेस की चाल है। उन्होंने कहा था, ‘यह आगामी लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की एक चाल है। वह हिंदू वोटरों को लुभाने की कोशिश कर रही है लेकिन जब लोगों को सामने जब उस रास्ते पर एक पार्टी पहले से चल रही है तो लोग कांग्रेस को क्यों अपनाएंगे?’

