पुलवामा हमला: पीएम ने बैठक के बाद पाक के खिलाफ उठाया बड़ा कदम, वापस लिया एमएनएफ का दर्जा

0
306

नई दिल्ली। पुलवामा हमले को लेकर दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज सुबह हुई अहम बैठक के बाद पाकिस्तान के खिलाफ पहला बड़ा कदम उठाया गया। एक घंटे से ज्यादा समय तक हुई सुरक्षा पर कैबिनेट कमिटी (सीसीएस) की बैठक में पाकिस्तान को दिए गए मोस्ट फेवर्ड नेशन का दर्जा वापस लेने का फैसला किया गया। आपको बता दें कि भारत ने पाकिस्तान को 1999 में मोस्ट फेवर्ड नेशन का दर्जा दिया था। बैठक के बाद वित्त मंत्री अरुण जेटली ने पत्रकारों को बताया कि सुरक्षाबल इस हमले में शामिल और समर्थन देने वालों के खिलाफ हरसंभव कदम उठाएंगे।
Pulwama attack: PM withdrew a big step against Pakistan after the meeting, withdrew the MNF status
उन्होंने बताया कि पीएम के नेतृत्व में सीसीएस की बैठक हुई और पुलवामा अटैक के आकलन पर चर्चा हुई। सीसीएस ने शहीद जवानों के सम्मान में 2 मिनट का मौन रखा और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। जेटली ने बताया कि घटना की विस्तृत जानकारी पर चर्चा हुई है लेकिन सब कुछ शेयर नहीं किया जा सकता है। सीआरपीएफ शहीदों के पार्थिव शरीर को उनके परिजनों को सौंपने के लिए कदम उठा रही है।

पाकिस्तान को अलग-थलग करेंगे
जेटली ने कहा कि विदेश मंत्रालय हरसंभव कूटनीतिक कदम उठाएगा, जिससे पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय समुदाय में अलग-थलग किया जा सके। इसके लिए मौजूद साक्ष्यों को सामने रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि मोस्ट फेवर्ड नेशन का पाकिस्तान को दिया गया दर्जा वापस ले लिया गया है। वाणिज्य मंत्रालय इसके संबंध में जल्द सूचना जारी करेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 33 साल पहले भारत ने यूएन में अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद पर प्रस्ताव रखा था लेकिन यह पारित नहीं हुआ क्योंकि आतंकवाद की परिभाषा पर सबकी सहमति बाकी थी। विदेश मंत्रालय प्रयास करेगा कि आतंकवाद की परिभाषा को संयुक्त राष्ट्र में जल्द स्वीकार किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां तक हमारे सुरक्षाबलों का सवाल है वे हरसंभव कदम उठाएंगे, जिससे घाटी में शांति और सुरक्षा बनी रहे। इसके साथ-साथ हमले में शामिल और समर्थन देने वालों को भारी कीमत चुकानी पड़े, सुरक्षाबल इसके लिए भी कदम उठाएंगे।

कश्मीर जा रहे राजनाथ, कल सर्वदलीय बैठक
उन्होंने बताया कि गृह मंत्री राजनाथ सिंह कश्मीर जा रहे हैं। वह कल सुबह सर्वदलीय सम्मेलन में घटना की जानकारी देंगे। इससे पहले पीएम के सरकारी आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर हुई सुरक्षा पर कैबिनेट कमिटी की बैठक में गृह मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण, वित्त मंत्री अरुण जेटली ने हिस्सा लिया। मीटिंग रूम की एक तस्वीर भी सामने आई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ चारों मंत्री हमले की जानकारी लेते दिखाई रहे हैं। तस्वीर में पीएम मोदी के पीछे अहिंसा और शांति के पुजारी महात्मा गांधी की एक तस्वीर भी दिखाई दे रही है। माना जा रहा है कि इस दौरान हमले की पूरी जानकारी लेने के साथ ही आगे की रणनीति तैयार करने पर भी चर्चा हुई। सीसीएस की बैठक एक घंटे से ज्यादा देर तक चली। गौरतलब है कि पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए हमले में 37 जवानों की मौत के बाद देशभर में गुस्सा है। आज सुबह से ही शहीद जवानों के परिजनों की तस्वीरें भी आने लगी हैं, जिससे देशभर में माहौल गमगीन हो गया है। कई शहरों में पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन भी हुए हैं। हमले के फौरन बाद पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा था कि जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी। ऐसे में इसे दूसरी सर्जिकल स्ट्राइक के संकेत के तौर पर भी देखा जा रहा है।