छोटी सादड़ी (राजस्थान), नीमच, जयपुर । राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के छोटी सादड़ी में सोमवार देर रात हुए एक सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई और दो दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार, छोटी सादड़ी में नेशनल हाईवे संख्या-113 के पास सोमवार देर रात करीब 10 बजे एक बारात जा रही थी। उसी दौरान वहां से एक बेकाबू ट्रॉला गुजरा और बारातियों को रौंदता हुआ आगे पेड़ से जाकर टकरा गया।
A tragic accident in Rajasthan: truck rams, 13 people dead in Baramati
हादसा इतना भयानक था कि शवों के चीथड़े दूर-दूर तक फैल गए। हाईवे से गुजर रहे वाहनों ने पुलिस को सूचना दी तो बड़ी सादड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया। शवों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया है। शवों का पोस्टमार्टम मंगलवार को सुबह कराया जाएगा। जानकारी के अनुसार छोटी सादड़ी क्षेत्र में अंबावली के पास रामेदव गांव में हनुमान चौक पर गाडोलिया समाज के विवाह बिंदौली (बाना) में बेकाबू ट्रॉला जा घुसा। इसने कई व्यक्तियों को चपेट में ले लिया।
घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल है। एसडीएम प्रकाशचंद्र रेगर अस्पताल पहुंच गए हैं। नीमच, प्रतापगढ़ और चित्तौड़गढ़ से एंबुलेंस बुलाई गई है। घायलों को उदयपुर रैफर किया गया। इनमें दुल्हन भी शामिल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्राला निंबाहेड़ा से प्रतापगढ़ की ओर जा रहा था। उसमें कोयला भरा हुआ था। ड्राइवर दुर्घटना के बाद ट्रॉला छोड़कर भाग गया। छोटी सादड़ी पुलिस ने मामला जांच में लिया है।
प्रतापगढ़ जिले के कलेक्टर रामसिंह राजपुरोहित व एसपी अनिल कुमार रात करीब 10.30 बजे छोटी सादड़ी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों व लोगों से दुर्घटना के संबंध में जानकारी ली। दुर्घटना के बाद राहत कार्यों की स्थिति देखी। रात करीब 11 बजे सांसद सीपी जोशी भी छोटी सादड़ी पहुंचे। दुर्घटना की जानकारी लगने पर छोटी सादड़ी अस्पताल में मदद के लिए पूरा नगर उमड़ आया। भाजपा-कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व समाजसेवी संगठनों के सदस्य मददगार की भूमिका में नजर आए।

