पेरिस। फ्रांस की राजधानी पेरिस में स्थित नोट्रेडम कैथेड्रल में आग लग गई। इससे कैथेड्रल का शिखर पूरी तरह जल गया। हालांकि, 850 साल पुरानी इस इमारत का मूल ढांचा अभी सही सलामत है। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, आग पर नियंत्रण पा लिया गया है। कैथेड्रल के दो बेल टॉवर भी सुरक्षित हैं। हालांकि, इमारत के अंदर आर्टवर्क को कितना नुकसान हुआ यह अभी साफ नहीं है। पुनर्निर्माण के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होगी फंडरेजिंग
बताया जा रहा है कि कैथेड्रल के पत्थरों में क्रैक आने के बाद इसका रेनोवेशन किया जा रहा था। अधिकारी आग लगने की घटना को रेनोवेशन से ही जोड़कर देख रहे हैं। पेरिस प्रॉसिक्यूटर आॅफिस ने इस मामले में जांच बिठा दी है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी अपनी सारी बैठकें रद्द कर दीं। उन्होंने फ्रांस के इतिहास में अहम स्थान रखने वाले इस स्थल पर आग की घटना को दुखद बताया। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि दमकलकर्मियों ने कैथेड्रल को और ज्यादा बुरी स्थिति में पहुंचने से बचा लिया। मैक्रों ने कैथेड्रल के पुनर्निर्माण के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फंड जुटाने का भी वादा किया।