नई दिल्ली। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत नारायण दत्त तिवारी के बेटे रोहित शेखर तिवारी का निधन हो गया है। मंगलवार को उन्हें मृत हालत में दिल्ली के मैक्स साकेत अस्पताल लाया गया। वह दिल्ली की डिफेंस कॉलोनी में रहते थे। यह जानकारी दिल्ली साउथ के डीसीपी विजय कुमार ने दी है। बता दें कि बीते साल 18 अक्टूबर को एनडी तिवारी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था।
बता दें कि साल 2008 में रोहित शेखर ने कोर्ट में दावा किया था कि वह नारायण दत्त तिवारी के बेटे हैं। 2011 में एनडी तिवारी को जांच के लिए अपना खून देना पड़ा था। एनडी तिवारी ने कोर्ट से यह भी मांग की थी कि रिपोर्ट का सार्वजनिक न किया जाए लेकिन कोर्ट ने यह अपील खारिज कर दी। डीएनए रिपोर्ट में यह बात सही निकली और इसके बाद उन्होंने 2014 में रोहित शेखर की मां से 89 वर्ष की उम्र में शादी कर ली।
रोहित जनवरी 2017 में बीजेपी में शामिल हुए थे। एक साल पहले ही उन्होंने अपूर्वा शुक्ला से शादी की थी। मूल रूप से इंदौर की रहने वालीं अपूर्वा अभी सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस करती हैं।
ध्यान रहे कि अदालत का विवाद खत्म होने के बाद रोहित पिता के साथ ही रहते थे। रोहित की सगाई के दौरान एनडी तिवारी मैक्स अस्पताल में ही भर्ती थे।