धमाकों के शक में पाकिस्तानियों का समूह हिरासत में

0
162

कोलंबो। श्रीलंका में रविवार को ईस्टर पर हुए धमाकों के मामले में पुलिस ने अब तक देशभर से करीब 76 लोगों को हिरासत में लिया है। गुरुवार शाम अलग-अलग जगहों पर छापा मारकर सुरक्षा एजेंसियों ने 16 लोगों को हिरासत में लिया। इनमें पाकिस्तानी नागरिकों के समूह के अलावा मिस्र का एक नागरिक भी शामिल है। सभी को पूछताछ के लिए रोका गया है।

वीजा अवधि से ज्यादा रुके थे पाकिस्तानी नागरिक

पाकिस्तानी न्यूज वेबसाइट डॉन न्यूज के मुताबिक, पुलिस प्रवक्ता ने कहा है कि पाकिस्तानियों का समूह वीजा अवधि खत्म होने के बाद भी श्रीलंका में ही रुका था। वहीं मिस्र के नागरिक के पास कानूनी पासपोर्ट और वीजा ही नहीं मिले। वह कोलंबो से 70 किलोमीटर दूर एक अरबी स्कूल में पढ़ाता था।

श्रीलंकाई पुलिस ने जारी की थी संदिग्धों की सूचना

  1. श्रीलंकाई पुलिस ने गलती से अमेरिकन मुस्लिम महिला कार्यकर्ता को धमाके का संदिग्ध बताया। इससे नाराज महिला ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की। माजिद ने फेसबुक पर लिखा,‘‘सभी सुनिए, आज सुबह श्रीलंकाई सरकार के द्वारा गलती से मेरी पहचान आईएस हमलावर के तौर पर की गई।’’
  2. गुरुवार को पुलिस ने धमाकों में शामिल संदिग्धों के तौर पर तीन पुरुष और तीन महिलाओं के संबंध में सूचना जारी की थी। एक महिला की पहचान अब्दुल कादिर फातिमा खादिया के रूप में हुई जबकि फोटो अमेरिकन मुस्लिम अमारा माजिद का लगा दिया। हालांकि बाद में पुलिस ने इस मामले में माफी भी मांगी।
  3. राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने कहा, ‘‘ईस्टर पर धमाकों को अंजाम देने वाले आईएस के हाशिम की मौत भी उन्हीं धमाकों में हो चुकी।’’धमाकों के बाद संगठन की ओर से जारी किए वीडियो में हाशिम नजर आया था। हालांकि उस दौरान इस मामले में स्पष्टीकरण नहीं दिया गया था।
  4. राष्ट्रपति सिरिसेना ने कहा, ‘‘इंटेलीजेंस एजेंसियों ने जो मुझे बताया, उसके मुताबिक हाशिम शंगरी-ला धमाके में मारा गया।’’जहरान हाशिम को स्थानीय कट्टरवादी संगठन का प्रमुख माना जाता था। यह सूचना आर्मी इंटेलीजेंस और सीसीटीवी फुटेज से प्राप्त जानकारी के आधार पर मिली।
  5. श्रीलंका पुलिस ने शुक्रवार को चेतावनी जारी की। इसमें कहा गया कि इस्लामिक कट्टरवादियों के द्वारा देश में सूफी मस्जिद को निशाना बनाए जाने की योजना बनाई जा रही है। इस मस्जिद को ‘कुप्पु पल्ली’या ‘औलिया मस्जिद’के नाम से जाना जाता है।
  6. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह चेतावनी पत्र ऑनलाइन पोस्ट किया गया। इसके बाद मस्जिद के आसपास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। श्रीलंका में रविवार को ईस्टर के मौके पर हुए सिलसिलेवार धमाकों में 359 लोगों की मौत हुई जबकि सैकड़ों घायल हुए।