ओडिशा में चक्रवात ‘फैनी’ का असर , 245 किमी प्रति घंटे की गति से चल रही हवा, कई जगह उखड़े पेड़

0
431
  • ओडिशा में कई इलाकों में भारी बारिश
  • स्वास्थ्य और सुरक्षाबलों की छुट्टियां रद्द, कई जगह रेड अलर्ट
  • 24 घंटों तक भुवनेश्वर एयरपोर्ट बंद, 4000 राहत शिविर बनाए गए
  • पीएम मोदी ने की राहत और बचाव कार्य की समीक्षा
  • 1999 में आए सुपर साइक्लोन में गई थी 10 हजार लोगों की जान

    नई दिल्ली

ओडिशा में कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है और 175 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। समुद्र के किनारे बसे मंदिर शहर पुरी में कई इलाके और अन्य जगहों में पानी भर गया है। राज्य के सभी तटीय इलाकों में भारी बारिश हो रही है। कई पेड़ उखड़ गए और भुवनेश्वर समेत कुछ स्थानों पर बनीं झोपड़ियां तबाह हो गई हैं। अभी तक किसी भी हिस्से से किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

हैदराबाद मौसम विभाग केंद्र ने बताया कि ओडिशा के पुरी में हवाएं 240-245 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम गति से बह रही हैं और ओडिशा तट पर भारी से बहुत भारी बारिश जारी है। लैंडफॉल के बाद चक्रवात का प्रभाव कम होने की संभावना है और इसके पश्चिम बंगाल तट की ओर बढ़ने की संभावना है। भारतीय नौसेना के 13 एयरक्राफ्ट अलर्ट मोड पर विशाखापट्टनम में तैनात हैं। जो नुकसान की जानकारी होने के बाद राहत और बचाव कार्य में लगाए जाएंगे।

पारादीप मौसम विभाग केंद्र के निदेशक आर शुक्ला ने बताया कि लगभग 8 बजे शुरू हुई लैंडफॉल प्रक्रिया 2 घंटे के भीतर पूरी होने की उम्मीद है। फिर इस तूफान के उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने की उम्मीद है, जो तटीय ओडिशा के सभी जिलों को कवर करते हुए पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ेगा। सुबह 9 बजे हवा की गति 35 किमी / घंटा की दर्ज की गई जो लगातार बढ़ रहा है। चक्रवात फैनी के कारण तेज हवा और भारी बारिश के प्रभावित आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम के कोट्टूरु मंडल में एनडीआरएफ की टीम राहत अभियान में जुटी हुई है।

भारतीय नौसेना ने जारी की फैनी तूफान की तस्वीरें। नौसेना ने 7 युद्धपोतों को राहत और बचाव कार्य के लिए तैनात किया है। इसके अलावा 6 एयरक्राफ्ट और 7 हेलीकॉप्टर को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। भुवनेश्वर नगर निगम ने शहर में 130 चक्रवात केंद्र खोले हैं जहां लोगों को शरण दी गई है।

विशाखापत्तनम में भी तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई है। राहत और बचाव एजेंसिया अलर्ट पर हैं। हालात पर केंद्र और राज्य सरकार भी नजर बनाए हुए है। फैनी की विभीषिका से निपटने के लिए तटरक्षक बल ने 34 आपदा मोचन बल की तैनाती की है। इन्हें विजर्ग, चेन्नई, पारादीप, गोपालपुर, हल्दिया, कोलकाता सहित कई स्थानों पर अलर्ट रखा गया है।