बीजेपी ने आज भोपाल में प्रदेश सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी किया, कमलनाथ को बताया बंटाधार का नया अवतार

0
675
  • भाजपा का जारी आरोप पत्र झूठ का पुलिंदा – मुख्यमंत्री कमलनाथ

भोपाल TIO

लोकसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच बीजेपी ने आज भोपाल में प्रदेश सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी किया इसमें सीधे-सीधे सीएम कमलनाथ पर हमला करते हुए उन्हें मिस्टर बंटाधार का नया अवतार बताया गया है। भोपाल में बीजेपी दफ़्तर में पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान और विनय सहस्त्रबुद्धे ने आरोप पत्र जारी किया। शिवराज सिंह चौहान ने कहा ये बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि चार महीने की सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा आॅन रिकॉर्ड मैं ये कह रहा हूं कि मध्य प्रदेश में अभी भी कर्ज़ माफ नहीं हुआ है।

कर्ज़माफी के नाम पर ठगी और धोखा दिया गया है।शिवराज सिंह ने कहा,मैं रोज किसानों और जनता के बीच जा रहा हूं।रोज किसान मिलते हैं जो बताते हैं कि कर्ज़ माफ नहीं हुआ।बेरोजगारों को सुनहेरे सपने दिखाए। आज की तारीख तक एक भी युवा को बेरोजगारी भत्ता नहीं मिला है। अब सीएम कमलनाथ इन आरोपों का जवाब दें।शिवराज सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर भी आरोप मढ़े। उन्होंने कहा कांग्रेस अध्यक्ष कैसे इतना झूठ बोलते हैं, कहते हैं चित्रकूट में मोबाइल बनाने की फैक्टरी लगाएंगे। शिवराज ने दिग्विजय सिंह का नाम लिए बिना चुटकी ली कि एमपी के पूर्व सीएम जेनेरेटर के सहारे सभा कर रहे हैं। यहां तक कि कमलनाथ के मतदान करते समय भी बिजली गुल हो गयी थी। शिवराज ने कहा-क्या इसमें भी बीजेपी का हाथ है।

मंत्री आपके आरोप बीजेपी पर, अगर आपकी सरकार काम करने लायक नही तो उन्हें हटाओ।बीजेपी नेता ने कहा कमलनाथ सरकार ने पिछड़ा वर्ग को आरक्षण के नाम पर धोखा दिया। कानून व्यवस्था की स्थिति खराब की। चित्रकूट के मासूम जुड़वा भाइयों श्रेयांस और रेयांश का चेहरा रह रह का सामने आता है,जिनका अपहरण के बाद हत्या कर दी गयी थी।शिवराज सिंह ने कहा पुलिस प्रशासन दबाव में काम कर रहा है।ट्रांसफर को उद्योग बना दिया गया है। हर पद के रेट तय कर दिए हैं। कमलनाथ सरकार ने 4 महीने में आज तक एक भी गौशाला नहीं खोली। संबल योजना का लाभ गरीबों को क्यों नही मिल रहा है। सरकार इसका भी जवाब दे। कभी कम्प्यूटर बाबा को राज्य मंत्री का दर्जा देने वाले शिवराज ने दिग्विजय सिंह के समर्थन में कम्प्यूटर बाबा के आने पर कहा,जिन्हें खुद पर भरोसा नहीं है वो कम्प्यूटर बाबा जैसों को लेकर आ रहे हैं।

भाजपा द्वारा राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जारी आरोप पत्र को लेकर मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, ये बड़ा ही शर्मनाक है जिन लोगों ने अपनी 15 वर्ष की राज्य सरकार का व केंद्र की 5 वर्ष की सरकार का आज तक हिसाब किताब नहीं दिया, वह कांग्रेस की करीब 4 माह की प्रदेश सरकार पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। कमलनाथ ने कहा इस पूरे आरोपपत्र में एक भी आरोप सच नहीं है, सभी आरोप झूठ से परिपूर्ण है। जितनी बातें कही गई हैं सब झूठ है। अच्छा लगता भाजपा इस आरोप पत्र में कोई सच्चे आरोप सामने लाती, हमारी कोई नाकामयाबी सामने लाती तो हमें उसे सुधारने का मौका मिलता।

आरोप पत्र का कमलनाथ ने दिया ये जवाब
– भाजपा इस आरोप पत्र में कह रही है कि अभी तक एक भी किसान का कर्ज माफ नहीं हुआ। किसी को भी कर्ज माफी के प्रमाण पत्र नहीं मिले। यह इनका अब तक का सबसे बड़ा झूठ है।करीब 21 लाख किसानों का कर्ज माफ हो चुका है।उनके खाते में कर्ज माफी की राशि पहुंच चुकी है और उन्हें कर्ज़माफी के प्रमाण पत्र भी जारी हो चुके हैं।

– भाजपा हमारे एक और निर्णय 2 लाख तक के कृषि उपकरणों पर 50% सब्सिडी के निर्णय पर भी सवाल उठाकर झूठ परोस रही है।

– बिजली को लेकर भी आरोपपत्र में झूठे आरोप लगाए गए हैं।बिजली संकट की बात की गयी है।जबकि प्रदेश में बिजली सरप्लस उपलब्ध है। प्रदेश में बिजली का कोई संकट नहीं है। हम डिमांड की शत-प्रतिशत पूर्ति कर रहे हैं।इस आरोप पत्र में 10 हॉर्स पावर तक के किसानों के बिजली के बिल हाफ के हमारे निर्णय पर झूठ परोसा गया है।है।उनके यह आरोप भी झूठे है।

– युवा स्वाभिमान योजना के तहत हम शहरी युवाओं को 100 दिन के रोजगार देने का काम कर रहे हैं।हमने अपनी उद्योग नीति में परिवर्तन कर 70% स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की शर्त रखी है।उसको लेकर भी इस आरोप पत्र में झूठ परोसा गया है।

– पिछड़े वर्ग के आरक्षण को हमने 14% से बढ़ाकर 27% किया है। उसको लेकर हम दृढ़ संकल्पित है।उसको लेकर भी आरोप पत्र में झूठ परोसा गया है।

– सार्वजनिक वितरण प्रणाली को हमने निष्पक्ष ,पारदर्शी और मजबूत बनाया है।

– भाजपा के आरोप पत्र में लिखा गया है कि हमने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि को बढ़ाकर जो दोगुना किया गया है।उसका लाभ अभी तक हितग्राहियों को नहीं मिला है।उनके खाते में राशि नहीं पहुंची है।जबकि सच्चाई यह है कि अप्रैल माह से ही सभी हितग्राहियों के खातों में राशि पहुँचना शुरू हो गई है।उनका यह आरोप भी झूठा है।

– कन्या विवाह की राशि जिसे हमने 28 हजार से बढ़ाकर 51 हजार किया है।उसको लेकर भी इस आरोप पत्र में यह झूठ परोसा गया है कि इसका लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है।जबकि इसका लाभ लोगों को निरंतर मिल रहा है।

– हमारे वचन पत्र के वादे कि हम गरीबों को प्रतिमाह 4 किलो दाल देंगे को लेकर भी झूठे आरोप लगाए गए हैं।जबकि वास्तविकता यह है कि उसको लेकर केंद्र सरकार हमें अनुमति प्रदान नहीं कर रही थी।जिसको लेकर हमने लंबी लड़ाई लड़ी और कल ही हमें उसकी अनुमति मिली है।शीघ्र ही इस निर्णय पर भी अमल होगा।

– हमने 1000 गोशाला बनाने का निर्णय लिया है।जिस पर कार्य भी जारी है।उसको लेकर भी इस आरोप पत्र में झूठ परोसा गया है।

– हमने पुजारियों का मानदेय 3 गुना बढ़ाया है। हमने तीर्थ दर्शन योजना के तहत प्रदेश के नागरिकों को प्रयागराज कुंभकी यात्रा कराई है लेकिन इसको लेकर भी इस आरोप पत्र में झूठ परोसा गया है।

– महिला सशक्तिकरण ,स्वास्थ्य सेवाएं ,आदिवासी वर्ग की तेंदूपत्ता मजदूरी की राशि में वृद्धि,भावांतर से लेकर आयकर छापों के मामलों को लेकर भी इस आरोप पत्र में झूठे आरोप लगाए गए हैं।

– इस बार हमने गेहूं खरीदी के 600 केंद्र बढ़ाये हैं और आरोप पत्र में खरीदी केंद्र कम करने के झूठे आरोप लगाए गए हैं।

इस तरह से भाजपा का आज जारी आरोप पत्र झूठ का पुलिंदा है। सच्चाई से परे है, जनता को भ्रमित व गुमराह करने वाला है। जनता इसका जवाब चुनाव में देगी।