कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में राहुल गांधी ने इस्तीफे की पेशकश की

0
212

नई दिल्ली

लोकसभा चुनावों में मिली करारी हार के बाद दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक शुरू हो चुकी है। इसमें यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी, मनमोहन सिंह, मल्लिकार्जुन खड़गे, पी चिदंबरम समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं।  इस बैठक में कांग्रेस को मिली हार की समीक्षा की जाएगी। वहीं ऐसी खबरें भी आ रही थीं कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपने इस्तीफे की पेशकश कर सकते हैं।

इस बैठक में राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत, पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के अलावे कांग्रेस नेता अंबिका सोनी, कुमारी शैलजा, एके एंटनी, मीरा कुमार भी मौजूद हैं। बैठक शुरू होने से सबसे पहले आरपीएन सिंह, पीएल पुनिया और मोतीलाल वोरा के पहुंचने की तस्वीरें सामने आई थी।

उसके बाद यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, गुलाम नबी आजाद, मल्लिकार्जुन खड़गे, पी चिदंबरम, सिद्धारमैया और कैप्टन अमरिंदर सिंह भी कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। ऐसी जानकारी मिल रही है कि कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्यों ने राहुल गांधी को इस्तीफा देने से मना किया। इसके अलावा प्रियंका गांधी और मनमोहन सिंह ने भी राहुल को समझाने की कोशिश की। जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस्तीफे की पेशकश की है। हालांकि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि कार्यसमिति ने उनका इस्तीफा मंजूर किया या नहीं?