भोपाल TIO
कमलनाथ ने सीएम बनते ही निर्देश दिया था कि गौ-माता सड़कों पर आवारा-बेसहारा घूमती नजर नहीं आना चाहिए। वरना कार्रवाई होगी। सीएम की ये चेतावनी बेअसर है। सड़कों का हाल तो छोड़िए, गौ-शाला में भी गाय की दुर्दशा है। तपती गर्मी में ना उनके लिए पर्याप्त शेड हैं और ना ही चारे की व्यवस्था।पानी के लिए टंकिया तो हैं लेकिन खाली पड़ी है। बीमार हो जाएं तो वहीं पड़े-पड़े दम तोड़ देती हैं।इलाज की माकूल व्यवस्था नहीं है।
मंदसौर में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है और पारा 45 डिग्री से ऊपर जा रहा है। यहां पर इंसानों का तो ठीक जानवरों का भी जीना दूभर हो गया है। शहर की एकमात्र गोपाल कृष्ण गौशाला में गर्मी के कारण गायों की हालत खराब हो रही है। उचित रखरखाव ना होने के कारण और बीमारी के कारण वो दम तोड़ रही हैं।
मंदसौर की गोपाल कृष्ण गौशाला जिसके पास गायों के प्रबंधन के लिए करोड़ों रुपए का बजट है। उसे सरकार से लाखों रुपयों का अनुदान भी मिलता है। गौशाला की खुद की लगभग 400 बीघा जमीन है जिस पर गायों के लिए हरा चारा उगाया जा सकता है। लेकिन गौशाला प्रबंधन ने चारा उगाने के बजाए सारी जमीन लीज पर दे दी है। गौ माता चिलचिलाती धूप में खुले आसमान के नीचे दिन भर खड़ी रहती हैं। इनके शेड की कोई व्यवस्था नहीं है।
ना छांव ना पानी-इस भीषण गर्मी में उनके लिए पीने के पानी का भी इंतजाम नहीं है। टैंक तो बने हुए हैं लेकिन उनमें पानी नहीं है। गाय दिन भर इस टैंक में पानी की आस में आती हैं, लेकिन बेबस होकर रह जाती हैं। चारा भी सूखा – चारा इतना बड़ा मोटा कि इसे हाथी भी नहीं खा पाए। ये चारा भी सूखा दिया जा रहा है।जो गाय खा भी नहीं पा रही हैं।गायों को न उचित खानपान मिल रहा है और ना ही पीने के लिए पानी मिल रहा है और तो और गर्मी के मारे गौ माता बीमार हो रही हैं। उनके इलाज का भी कोई प्रबंध यहां पर नहीं दिख रहा है।मंदसौर के युवा समाजसेवी ओम बड़ोदिया ने बताया कि गोपाल कृष्ण गौशाला में गौ माता की हालत खराब हो रही है।प्रतिदिन गौमाता वहां पर दम तोड़ रही हैं।
दम तोड़ रही हैं गौ-माता
6 गाय वहां पर दम तोड़ चुकी थीं और पास में जो बीमार गौमाता थी वो भी दम तोड़ने वाली थीं।उनकी भी सांसें अटक रही थीं। मौके पर न तो कोई गौशाला का प्रबंधक मौजूद था और ना ही वहां पर कोई डॉक्टर मौजूद था।ठीक इसी तरह गोपाल कृष्ण गौशाला की दूसरी शाखा नौलखा बीड़ पर भी ऐसी हालत थी। एक गौ माता कीचड़ में फंसी हुई थी जो खड़ी नहीं हो पा रही थी। गौ माता को उठा कर बाहर निकाला। गायों के बछड़े दम तोड़ते नजर आ रहे थे। शिवराज सरकार के दौरान ये गौशाला खोली गयीं थी। लेकिन व्यवस्था ठीक ना होने के कारण गायों की दुर्दशा होती आ रही है।



