पश्चिम बंगाल में जयश्री राम के नारों के बहाने उठाए गए सियासी बवाल के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर शायराना अंदाज में पलटवार किया है। उन्होंने हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई के भाईचारे पर भी शायरी कही। बुधवार को ममता बनर्जी ने अपने भाषण में कहा कि
त्याग का नाम है हिंदू, ईमान का नाम है मुसलमान, प्यार का नाम है ईसाई, सिखों का नाम है बलिदान। ये है हमारा प्यारा हिंदुस्तान।
उन्होंने कहा कि अपने इस प्यारे हिंदुस्तान की रक्षा हम लोग करेंगे। उन्होंने विरोधियों को शायराना अंदाज में ही चेताया कि जो हमसे टकराएगा, चूर-चूर हो जाएगा। कहा कि यह हमारा स्लोगन है।
ममता ने कहा कि यहां डरने की कोई जरुरत नहीं है। जब सूर्योदय होता है तो इसकी किरणें काफी तेज होती है, लेकिन धीरे-धीरे इसका फैलाव हो जाता है और सब नॉर्मल हो जाता है। डरने की कोई बात नहीं है। जितनी तेजी से उन्होंने(भाजपा) ईवीएम कैप्चर किया, उतनी ही तेजी से वे लोग भाग खड़े होंगे। कहा कि मुद्दई लाख बुरा चाहे तो क्या होता है, वही होता है जो मंजूरे खुदा होता है।
मालूम हो कि लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद ममता ने ईवीएम कैप्चर किए जाने का आरोप लगाया है। वहीं भाजपा ने ममता के आरोप को निराधार बताया है।

