नई दिल्ली
ओमान से छुट्टियां मनाकर लौट रही यात्रियों से भरी एक बस शेख मोहम्मद बिन जायेद रोड पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में कम से कम 17 लोगों की मौत हुई है जिसमें से छह भारतीय नागरिक हैं। वहीं पांच गंभीर रूप से घायल हैं। दुबई पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि 31 लोगों को ले जा रही बस उस समय दुर्घटनाग्रस्त हो गई जब वह मेट्रो स्टेशन के पास गाइडिंग बोर्ड से टकरा गई। घायलों को राशिद अस्पताल ले जाया गया।
दुबई पुलिस का कहना है कि दुर्घटना में मारे गए 17 लोग अलग-अलग देशों के हैं। जिसमें से पांच गंभीर रूप से घायल हैं। दुबई में स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने कहा, ‘हमें यह बताते हुए खेद है कि स्थानीय अधिकारियों और रिश्तेदारों के अनुसार अब तक आठ भारतीयों की दुबई बस दुर्घटना में मौत होने की पुष्टि हो गई है। दूतावास कुछ मृतकों के रिश्तेदारों के संपर्क में हैं और अन्य के परिवारों को सूचित करने के लिए और अधिक विवरणों की प्रतीक्षा की जा रही है। चार भारतीयों को प्राथमिक चिकित्सा के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और तीन का राशिद अस्पताल में इलाज चल रहा है।’
दुबई पुलिस के मुखिया मेजर जनरल अब्दुल्लाह खलीफा अल-मर्री ने इस दुर्घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने बस-कार चालकों को भी नसीहत दी है कि एक छोटी सी लापरवाही इतनी बड़ी त्रासदी में बदल सकती है। दुबई निवासी जिनके दोस्त इस घटना में घायल हुए हैं उन्होंने कहा कि तीन लोगों का परिवार ईद मनाकर ओमान से लौट रहा था। उन्होंने कहा, ‘दुर्घटना के बाद मुझे मेरे दोस्त का फोन आया। उसने मुझे बताया कि वह घायल हो गया है।’
उन्होंने कहा, ‘दोस्त की पत्नी और बच्चा घायल नहीं हुआ है। हम राशिद अस्पताल आए लेकिन उनसे नहीं मिल पाए।’ फिरोज अजीज पठान खान और उनकी पत्नी रेशमा फिरोज खान के भतीजे ने कहा कि वह दोनों गायब हैं। तल्हा सैय्यद ने कहा कि फिरोज का बेटा जो जोड़े के साथ यात्रा कर रहा था वह सुरक्षित है लेकिन उनके बारे में कोई जानकारी नहीं है। तल्हा ने बताया कि परिवार छुट्टियां मनाने के लिए दुबई की यात्रा कर रहा था।