नोएडा
क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के घर में चोरी करने वाले गिरोह के तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन पर 50 बंद घरों में चोरी करने का आरोप है। एक साथी फरार होने में कामयाब हो गया। इन चोरों का गिरोह बड़े ही शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देता था जिसे सुनकर आप हैरान रह जाएंगे। 50 से अधिक बंद घरों में चोरी करने वाले गिरोह के तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
जबकि एक साथी फरार होने में कामयाब हो गया। थाना सेक्टर-39 पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 लैपटॉप, 9 बैटरी, 5 एलईडी, एक डीवाआर, एक फोन, 3 इन्वर्टर, और 3 गैस सिलिंडर समेत अन्य लाखों रुपये का सामान बरामद किया है। इंस्पेक्टर राजेश शर्मा ने बताया कि बुधवार रात गश्त करते समय सूचना मिली कि सेक्टर-45 स्टाइलोम सोसायटी के पास कुछ संदिग्ध लोग खड़े हैं।
पुलिस के पहुंचते ही आरोपी भागने लगे। दोनों को सलारपुर से दबोच लिया गया। इनकी पहचान राहुल और सिराजुद्दीन उर्फ बबलू के रूप में हुई। दोनों सलारपुर में किराए पर रहते हैं। उनकी निशानदेही पर इकलाख खान को भी पकड़ लिया गया। हालांकि चौथा आरोपी नदीम मकान से कूदकर भाग गया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह सेक्टरों में बंद मकानों की रेकी कर चोरी करते थे। इससे उनका काम आसान हो जाता था। फिर चोरी का सामान आसपास के लोगों को अपना बताकर बेच देते थे। पुलिस ने बताया कि फरार नदीम की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

