सरायकेला
यहां के तिरूलडीह थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम नक्सलियों ने पुलिस के पांच जवानों की हत्या कर दी। वारदात के बाद नक्सली अपने साथ जवानों के हथियार भी उठा ले गए। हमले के बाद पुलिस का एक जवान लापता बताया जा रहा है। फिलहाल, नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
छह बाइक पर सवार थे हथियारबंद नक्सली
स्थानीय लोगों के मुताबिक, छह पुलिसकर्मी कुकड़ू गांव में किसी काम से आए थे। इसके बाद वे साप्ताहिक बाजार में पहुंचे और कुछ खरीददारी भी की। इसी दौरान सभी पुलिसकर्मी बाजार में ही एक मंदिर के पास खड़े थे। इतने में छह बाइक पर हथियारबंद नक्सली वहां पहुंचे और पुलिसकर्मियों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पांच पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद नक्सली तिरुलडीह थाना की ओर भाग निकले।