छत्तीसगढ़ में संघ का सर्वे: सरकार के पक्ष में आए चौंकाने वाले आंकड़े

0
246

रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सर्वे ने प्रदेश की भाजपा सरकार और संगठन के माथे पर बल ला दिया है। संघ के पदाधिकारियों ने बस्तर से लेकर सरगुजा तक प्रदेश की 90 विधानसभा सीटों का एक महीने तक गहन सर्वे किया। संघ के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो सर्वे रिपोर्ट में प्रदेश की 37 सीटों पर भाजपा क्लीन स्वीप कर रही है। इनमें पांच से सात नई सीटें पार्टी के खाते में आ रही हैं, जहां पिछले चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था।

सर्वे में यह भी सामने आया है कि तीन मंत्रियों सहित 20 विधायकों की सीट खतरे में बताई जा रही है। संघ के आला पदाधिकारियों ने बताया कि कई विधानसभा क्षेत्रों में सड़क, पुल, पुलिया और पेयजल की व्यवस्था होने के बाद भी विधायकों के प्रति नाराजगी है। संघ ने ऐसे विधायकों को टिकट न देने का सुझाव दिया है। सर्वे में बस्तर और सरगुजा में भाजपा की सीट पर बढ़त बताई जा रही है, लेकिन मैदानी इलाकों में 12 सीटों पर वर्तमान विधायकों की स्थिति बेहद चिंताजनक है। दुर्ग, रायपुर और धमतरी में करोड़ों के विकास कार्यो के बाद भी जनता में नाराजगी है। कुछ विधायकों के व्यवहार को लेकर नाराजगी है तो कहीं जनता का काम न करने और जनता से सीधा संपर्क न रखने के कारण नाराजगी है।

पदयात्रा में भी मिली निराशाजनक रिपोर्ट भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो पार्टी की पदयात्रा के दौरान जहां एक बड़े क्षेत्र में बेहतर रिस्पांस मिला, वहीं कई इलाकों की रिपोर्ट निराशाजनक बताई जा रही है। इन इलाकों में पार्टी के स्थानीय नेतृृत्व के कारण निराशा है, जिसे देखते हुए वहां नए नेताओं को मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है।

निम्न क्षेत्रों के विधायकों पर सबसे ज्यादा खतरा
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि कवर्धा, पंडरिया, साजा, लोरमी, आरंग, बिंद्रानवागढ़, भरतपुर सोनहत, मनेंद्रगढ़, सक्ति, पामगढ़, बिलाईगढ़, वैशाली नगर के विधायकों पर सबसे ज्यादा खतरा है।

इन सीटों में बढ़त की उम्मीद
रायपुर ग्रामीण, अभनपुर, बिल्हा, लुंड्रा, कोरबा, बलौदाबाजार, डौंडीलोहारा, गुंडरदेही, खैरागढ में ब़़ढत की उम्मीद है।

यह है वर्तमान स्थिति
कुल सीटों की संख्या 90 हैं जिसमें भाजपा के पास 49, कांग्रेस के पास 39. बसपा और अन्य के पास एक-एक है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि विधानसभा चुनाव को लेकर हुए सर्वे, पार्टी पदाधिकारियों की पदयात्रा की रिपोर्ट और मिशन 65 प्लस को लेकर रविवार को बैठक होगी। इसमें सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी और चुनावी रणनीति का खाका तैयार किया जाएगा।