अयोध्या में उद्घव ठाकरे ने किए रामलला के दर्शन , सांसदों ने कहा-भव्य राममंदिर का निर्माण किया जाना चाहिए

0
448

अयोध्या

शिवसेना सुप्रीमो उद्धव ठाकरे अपने सांसदों के साथ अयोध्या में रामलला के दर्शन कर रहे हैं। दर्शन के लिए जाते वक्त पार्टी के सांसदों ने कहा कि अब इंतजार खत्म होना चाहिए अयोध्या में भव्य राममंदिर का निर्माण किया जाना चाहिए। समय अनुकूल है। उद्घव ठाकरे 11 बजे मीडिया से भी मुखातिब होंगे। उद्धव ठाकरे व सभी सांसदों को राज्य अतिथि का दर्जा मिला है।

शिवसेना के सांसद शनिवार देर रात ही अयोध्या पहुंच गए थे। वे पंचशील होटल में रुके। सांसदों का कहना है कि वे रामलला के धरती पर आकर खुद को धन्य मानते हैं।

शिवसेना के प्रदेश उप प्रमुख अभय द्विवेदी ने बताया कि अभी तक शिवसेना के केंद्रीय मंत्री अरविंद सावंत, सांसद संजय यादव, सांसद सदाशिव लोखंडे व सांसद ओम राजे सहित कुछ अन्य सांसद पहुंच गए हैं।

सांसद संजय यादव ने अमर उजाला से बात में कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर बने यह शिवसेना ही नहीं, संपूर्ण भारत का हिंदू समाज चाहता है ।

राम मंदिर पर बोली शिवसेना, हमारे लिए मोदी व शाह ही सुप्रीम कोर्ट
राम मंदिर के मुद्दे पर शिवसेना ने कहा है कि सभी मसले सुप्रीम कोर्ट से हल नहीं होते, जनता की अदालत सबसे बड़ा न्यायालय होती है। सरकार मजबूत है और सभी समस्याओं का समाधान निकाल सकती है। हमारे लिए तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ही सुप्रीम कोर्ट हैं।

राउत ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और यूपी के सीएम योगी आदित्य नाथ के नेतृत्व में ही राममंदिर बनेगा। राम मंदिर मामले पर भाजपा ही रूपरेखा तय करेगी, हम केवल घटक दल हैं। राममंदिर के लिए सरकार को याद दिलाने की जरूरत नहीं है, 2019 का जो बहुमत मिला है वह राममंदिर निर्माण के लिए ही मिला है। अगला चुनाव राममंदिर मुद्दे पर नहीं लड़ा जाएगा। रामलला हमारे लिए राजनीति का नहीं, बल्कि आस्था का विषय हैं। मंदिर का नारा न तो शिवसेना भूली है और न ही आरएसएस, विहिप व भाजपा सबको याद है।