संसद सत्र शुरू होने से एक दिन पहले प्रह्लाद जोशी ने आज बुलाई सर्वदलीय बैठक

0
787

नई दिल्ली

संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने आज सर्वदलीय बैठक बुलाई है। यह बैठक संसद संत्र शुरू होने से एक दिन पहले बुलाई गई है। आज शाम को ही संसद में एनडीए की बैठक होगी जिसमें सत्र के लिए रणनीति बनाने के लिए चर्चा की जाएगी। संसद सत्र के सुचारू संचालन में कांग्रेस का सहयोग मांगने के लिए शुक्रवार को कांग्रेस संसदीय दल प्रमुख सोनिया गांधी से प्रह्लाद जोशी ने मुलाकात की थी। उनके साथ केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और अर्जुन राम मेघवाल भी थे।

जोशी ने सोनिया के आवास में हुई बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा था कि ‘सोनिया गांधी के साथ हमारी बैठक बहुत सौहार्दपूर्ण रही। हमने संसद की सुचारू कार्यप्रणाली के लिए उनका सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि उन्हें (विपक्ष को) भी सत्ता पक्ष के सहयोग की आवश्यकता है। मैंने उन्हें बताया कि सरकार सहयोग करने के लिए हमेशा तैयार है।’

बता दें कि 17वीं लोकसभा का पहला सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है जो 26 जुलाई तक चलेगा और बजट पांच जुलाई को पेश होगा। सूत्रों ने बताया कि जोशी का सोनिया गांधी के आवास पर जाना विपक्ष से तालमेल बैठाने की सरकार की कवायद का हिस्सा है। यह बैठक करीब 15 मिनट चली। जोशी ने राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद और लोकसभा में द्रमुक के नेता टी आर बालू से भी मुलाकात की।