फडणवीस सरकार ने मंत्रिमंडल का दूसरा विस्तार किया, विखे पाटिल मंत्री बने

0
281

मुंबई

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को मंत्रिमंडल का दूसरा विस्तार किया। इस दौरान 13 नए मंत्रियों ने शपथ ली। अब मंत्रिमंडल में 51 मंत्री हो गए हैं। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए शिर्डी के विधायक राधाकृष्ण विखे पाटिल और राकांपा से शिवसेना में शामिल हुए जयदत्त क्षीर को मंत्री बनाया गया। बताया जा रहा है कि भाजपा ने इस विस्तार में करीब चार महीने बाद (अक्टूबर-नवंबर) होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सहयोगी दलों को साधने की कोशिश की।
फडणवीस सरकार में पहला विस्तार जून 2016 में हुआ था। दूसरे मंत्रिमंडल के विस्तार पर चर्चा के लिए फडणवीस ने शुक्रवार देर रात शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। इसके बाद फडणवीस ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।

अब तक महाराष्ट्र में 38 मंत्री थे
महाराष्ट्र सरकार में फिलहाल 38 मंत्री हैं। कैबिनेट का विस्तार लंबे समय से अटका हुआ था। प्रदेश की 288 विधानसभा सीटों में भाजपा के पास सबसे ज्यादा 122, शिवसेना के पास 63, कांग्रेस के पास 42 और राकांपा के पास 41 सीटें हैं।