कैलाश विजयवर्गीय ने 25 साल पहले पुलिस अधिकारी पर ताना था जूता, तस्वीर वायरल

0
445

इंदौर

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और पश्चिम बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर गुरुवार से काफी वायरल हो रही है। यह तस्वीर लगभग 25 साल पुरानी बताई जा रही है। इस तस्वीर में भाजपा नेता एक पुलिस अधिकारी पर जूता ताने हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वायरल तस्वीर पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

दावा किया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही यह तस्वीर असली है और साल 1994 की है। उस समय विजयवर्गीय ने इंदौर के तत्कालीन एएसपी प्रमोद श्रीपद फल्नीकर पर जूता ताना था। वहीं भाजपा के महासचिव उस समय इंदौर के महापौर थे। वह इंदौर में किसी मुद्दे को लेकर प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे थे।

बेटे ने निगम कर्मचारी पर चलाया बैट
बुधवार को कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश विजयवर्गीय ने बल्ले से एक निगम कर्मचारी की पिटाई कर दी थी। निगम अधिकारी एक जर्जर मकान को ढहाने के लिए पहुंचे थे। तभी आकाश से उनकी बहस हो गई और मामला इतना बढ़ गया कि उन्होंने बल्ले से कर्मचारी की पिटाई कर दी। उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। वह 2018 में पहली बार इंदौर-तीन से विधायक बने हैं।

भवन निरीक्षक ने दर्ज कराई एफआईआर
इंदौर नगर निगम के 46 साल के भवन निरीक्षक धीरेंद्र बायस ने शहर के एमजी रोड पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि वह सरकारी दल-बल के साथ खतरनाक रूप से जर्जर मकान ढहाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान भाजपा विधायक मौके पर पहुंचे और कथित तौर पर धमकाते हुए वहां से चले जाने को कहने लगे। उन्होंने नगर निगम के दल से कहा कि वह मकान ढहाने की कार्रवाई को नहीं होने देंगे। यदि दल 10 मिनट के अंदर यहां से नहीं गया तो उसे पीटकर भगा दिया जाएगा।

एंकर से कहा- तुम्हारी हैसियत किया है
घटना सामने आने के बाद जब एक निजी टीवी चैनल के एंकर ने कैलाश से फोन पर उनके बेटे की गुंडागर्दी को लेकर सवाल किया और कहा कि आपको इस घटना की निंदा करनी चाहिए। इसपर भाजपा नेता भड़क गए और उन्होंने कहा कि आप जज हैं क्या? आप इस तरह के फैसले नहीं दे सकते। हू आर यू? आपकी हैसियत क्या है? आप फैसला करेंगे किसी विधायक के बारे में? अपनी औकात देखिए पहले। इसके बाद उन्होंने गुस्से में फोन काट दिया।