मुंबई
महाराष्ट्र में आखिरकार मानसून ने दस्तक दे दी है। शुक्रवार सुबह मुंबई और आसपास के इलाकों में जबरदस्त बारिश से मौसम सुहावना हो गया। वहीं यह बारिश अपने साथ आफत भी लेकर आई है। कई जगहों पर बारिश के कारण जल जमाव हो गया है। जिसके कारण जाम लगता जा रहा है। बारिश की वजह से मुबंई के तापमान में कमी आई है। इस समय मुंबई का तापमान 27 डिग्री सेल्सियल हो गया है। वहीं तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के कारण विजिबिलिटी कम हो गई है।
24 से 36 घंटे के अंदर भारी बारिश
अंधेरी, धारावी, वसई, कांदिवली, बोरिवली समेत कई इलाकों में बारिश के कारण जल जमाव हो गया है। जिसके कारण ट्रैफिक रुक-रुककर बढ़ रहा है। माना जा रहा है कि जुलाई के पहले हफ्ते में मानसून दिल्ली पहुंचेगा। स्काईमेट के अनुसार 24 से 36 घंटे के अंदर मुंबई, ठाणे, रत्नागिरी और आसपास के इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इससे पहले बुधवार सुबह अंधेरी और सांताक्रूज में हल्की फुल्की बारिश हुई थी।