बैंस राजस्व मंडल गए, किदवई सीएम सचिव

0
761

दिग्गी समर्थक अशोक सिंह अपेक्स बैंक के प्रशासक नियुक्त

TIO भोपाल

राज्य सरकार ने शुक्रवार को चार आईएएस अफसरों को इधर से उधर कर दिया। इनमें 1985 बैच के सीनियर आईएएस इकबाल सिंह बैंस भी शामिल हैं, जिन्हें माध्यमिक शिक्षा मंडल के अध्यक्ष पद से हटाकर ग्वालियर भेज दिया गया है। बैंस यहां राजस्व मंडल के अध्यक्ष का पद संभालेंगे। उनकी जगह उच्च शिक्षा विभाग की अपर मुख्य सचिव सलीना सिंह माशिमं की अध्यक्ष होंगी। इन दोनों के अलावा सात दिन पहले ही मप्र शासन में सचिव बनाए गए फैज अहमद किदवई को मुख्यमंत्री का सचिव बनाते हुए पर्यटन का भी जिम्मा दिया गया है। वह पर्यटन सचिव और पर्यटन विकास निगम के एमडी का पद संभालेंगे।

वहीं पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव हरिरंजन राव अब उच्च शिक्षा विभाग में प्रमुख सचिव होंगे। श्रम विभाग के प्रमुख सचिव अशोक शाह को संचालक आदिम जाति अनुसंधान एवं विकास संस्थान का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

इसलिए हटाए गए थे किदवई : उल्लेखनीय है कि किदवई को 5 जुलाई को ही कृषि उपज मंडी बोर्ड के एमडी पद से हटाया गया था। मंत्रालय सूत्रों का कहना है कि ऐसा मुख्यमंत्री की नाराजगी के कारण हुआ था। बाद में सीनियर आईएएस अफसरों ने वस्तु स्थिति बताई और राजनीतिक हस्तक्षेप के बाद अंतत: किदवई की फिर पोस्टिंग हुई है।

 

वहीं ग्वालियर लोकसभा सीट से लगातार चार बार चुनाव हार चुके पार्टी को समर्पित दिग्विजय सिंह समर्थक नेता अशोक सिंह को सरकार ने अपेक्स बैंक का प्रशासक नियुक्त किया है। नियुक्ति की घोषणा सहकारिता मंत्री ने भोपाल में की। कमलनाथ सरकार की ये पहली राजनैतिक नियुक्ति है और ये ग्वालियर के खाते में आई है। राजनैतिक पंडित अशोक सिंह की नियुक्ति को ग्वालियर चम्बल में सिंधिया के कम होते कद के रूप में देख रहे हैं।

कमलनाथ सरकार ने प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष अशोक सिंह को सबसे पहले अपेक्स बैंक का प्रशासक बनाकर प्रदेश में नए सियासी समीकरणों के संकेत भी दिए । इस पद के लिए अजय सिंह राहुल भैया और अरुण यादव जैसे दिग्गज नेताओं के नाम चर्चा में थे लेकिन कमलनाथ ने अशोक सिंह पर भरोसा जताया । श्री सिंह की नियुक्ति इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि पंद्रह साल बाद कांग्रेस सत्ता में लौटी है । पार्टी के तमाम दिग्गज अपने मनोनयन के लिए जोर लगा रहे थे लेकिन कमलनाथ ने अशोक सिंह की नियुक्ति कर भविष्य के लिए ग्वालियर अंचल में अशोक सिंह के बढ़ते कद का संकेत भी दे दिया । इस नियुक्ति की खास बात ये है कि अशोक सिंह दिग्विजय सिंह समर्थक नेता हैं । ज्योतिरादित्य खेमा उन्हें पसंद नहीं करता ।