पार्टी अध्यक्ष के लिए प्रियंका योग्य उम्मीदवार, उन्हें पूरा समर्थन मिलेगा: CM अमरिंदर

0
285

नई दिल्ली

प्रियंका गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा जोर पकड़ने लगी है। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सोमवार को चंडीगढ़ में कहा कि अगर प्रियंका गांधी कांग्रेस अध्यक्ष बनने के लिए हां करती हैं, तो उन्हें हमारा पूर्ण सहयोग मिलेगा। राहुल गांधी को इस पर विचार करना चाहिए।

अमरिंदर के अनुसार- प्रियंका गांधी इस पद के लिए बेहतर हैं। वे पार्टी की पसंद हैं। सबकुछ कांग्रेस कार्य समिति पर निर्भर करता है। समिति ही इस पर फैसला लेगी। उन्होंने कहा- भारत युवाओं का देश है। किसी युवा नेता को ही पार्टी की कमान संभालनी चाहिए।

इससे पहले रविवार को शशि थरूर ने कहा था कि पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव में पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल होंगी या नहीं? इसका फैसला गांधी परिवार करेगा। लोकसभा चुनाव में हार के बाद 25 मई को राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था।

नेतृत्व की कमी होने से पार्टी को नुकसान- थरूर

थरूर ने कहा था कि राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद नेतृत्व की कमी से पार्टी को नुकसान हो रहा है। आगे का रास्ता अध्यक्ष का चुनाव होने के बाद ही खुलेगा। इस मोड़ पर एक युवा नेता ही कांग्रेस के नेतृत्व के लिए उपयुक्त होगा। हालांकि सीडब्ल्यूसी मौजूदा स्थिति को लेकर बहुत गंभीर है। बिना किसी देरी के समाधान खोजने की कोशिश कर रही है।

थरूर ने मौजूदा स्थिति को लेकर निराशा जताई
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने पार्टी की मौजूदा स्थिति को लेकर कहा- वर्तमान में हम जिस स्थिति का सामना कर रहे हैं, उस बारे में हम कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सकते। सीडब्ल्यूसी के लिए एक तरीका यह हो सकता है कि पहले वह पार्टी के लिए एक अंतरिम कार्यकारी अध्यक्ष का नाम रखे। फिर बाद में इसे भंग कर मुख्य अध्यक्ष के पद के लिए नए सिरे से चुनाव करवाए जाएं।