मुंबई
भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में बीते 24 घंटे से भारी बारिश हो रही है। जिसका प्रभाव उपनगरों, ठाणे और नवी मुंबई के क्षेत्रों पर अधिक पड़ा। सैटेलाइट रडार से पता चला है कि बारिश आगे भी जारी रहेगी। जोगेश्वरी में हुई भारी बारिश के बाद मुंबई के वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे में पानी भर गया।
मौसम विभाग का कहना है कि मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे, पालघर सहित उत्तरी कोंकण इलाके में अगले चार से छह घंटे तक भारी बारिश जारी रहेगी। पालघर के कलेक्टर कैलाश शिंदे ने जिले के सभी स्कूल और कॉलेज बंद करने का आदेश जारी दिया है।
मुंबई में हो रही बारिश से वहां की सड़कों और घरों में पानी भर गया है। पालघर में भी बारिश से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के चलते रायगढ़ में मुंबई-गोवा हाईवे पर भूस्खलन आ गया है। जिसके चलते मार्ग पर वाहनों की आवाजाही स्थगित कर दी गई है।
आज ठाणे के सभी सरकारी स्कूलों को बंद कर दिया गया है। ठाणे नगर निगम ने शहर में लगातार बारिश को देखते हुए ये आदेश जारी किए हैं। मुंबई के मलाड इलाके में भी पानी भर गया है।
मुंबई में बीते सालों की अपेक्षा इस बार अधिक बारिश हुई है। माना जा रहा है कि बारिश अगले तीन दिनों तक ऐसे ही जारी रहेगी। क्षेत्रीय मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार सुबह आठ बजे तक शहर में 1546.6 एमएम बारिश हुई और उपनगर में 2016 एमएम बारिश दर्ज की गई। शहर में बारिश सामान्य से 255 एमएम अधिक और उपनगर में 659 एमएम अधिक हुई है।
इस बार बारिश इतनी अधिक हुई है कि पूरे सीजन में होने वाली बारिश का 84 फीसदी कोटा पूरा हो गया है। मौसम की जानकारी देने वाली निजी संस्था स्काइमेट के प्रमुख महेश पलावत का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और बेहतरीन मॉनसून के चलते मुंबई, ठाणे और पालघर के इलाकों में अच्छी बारिश हुई है।
मौसम विभाग ने शनिवार रात और रविवार को भी भारी बारिश होने की संभावना जताई है। पश्चिमी तट सहित अन्य इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।