कल होगा योगी सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार

0
158

लखनऊ

उत्तर प्रदेश सरकार का बुधवार को कैबिनेट विस्तार होगा। सुबह 11 बजे राजभवन में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगी। इससे पहले मंगलवार को पांच मंत्रियों ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। 2017 में उप्र की सत्ता में आने के बाद यह पहला कैबिनेट विस्तार है। पांच मंत्रियों के इस्तीफे के बाद सरकार में 20 कैबिनेट, 9 राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार और 13 राज्यमंत्री हैं।

तीन कैबिनेट मंत्री और दो राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं। इनमें वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल, बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री अनुपमा जायसवाल, खेल मंत्री चेतन चौहान, सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा और स्वाती सिंह शामिल हैं।

राजेश अग्रवाल ने इस्तीफे की वजह अपनी आयु को बताया है। उन्होंने कहा, ‘संगठन की 75 साल वाली जो पॉलिसी है, उसके तहत मैंने राज्य मंत्रिमंडल से अपना इस्तीफा दे दिया। मैं 75 वर्ष का हो गया हूं।’ पिछले हफ्ते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी परिवहन मंत्री पद से इस्तीफा दे चुके हैं।

लोकसभा चुनाव में तीन मंत्री बने थे सांसद 
प्रदेश में 60 सदस्यीय मंत्रिपरिषद हो सकता है। योगी सरकार ने मार्च 2017 में जब शपथ ली थी, तब मुख्यमंत्री समेत 47 सदस्यीय मंत्रिपरिषद ने शपथ ली थी। इसमें तीन मंत्री सत्यदेव पचौरी, डॉक्टर एसपी सिंह बघेल और डॉक्टर रीता बहुगुणा जोशी ने सांसद चुने जाने के कारण त्यागपत्र दे दिया। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर को मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जा चुका है।

तीन हो सकते हैं डिप्टी सीएम

सूत्रों ने बताया कि 10 से 12 नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। इसके साथ ही, दो डिप्टी सीएम के अलावा एक और डिप्टी सीएम बनाए जाने की चर्चा है। यह दलित वर्ग से होगा। राजनीति विश्लेषकों को मानना है कि भाजपा 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अभी से टीम तैयार करने में जुट गई है।