अंबिकापुर
छत्तीसगढ़ में सत्तास्र्ढ़ कांग्रेस के विधायक इन दिनों अपने काम से ज्यादा बयान को लेकर चर्चा में हैं। मंत्री के बाद कांग्रेस के एक विधायक ने अफसरों को लेकर विवादित बात कह दी। रामानुजगंट सीट से कांग्रेस विधायक बृहस्पति सिंह ने सरकारी कार्यक्रम के मंच से अफसरों को जूता मारने और जेल भेजने की बात कह दी। अभी तीन दिन पहले ही आबकारी मंत्री कवासी लखमा का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वे बड़ा नेता बनने के के लिए कलेक्टर-एसपी का कालर पकड़ने की सलाह देते दिख रहे थे।
मंत्री, एसपी, कलेक्टर की मौजूदगी में दिया विवादित भाषण
जिला मुख्यालय बलरामपुर के जिस मंच से विधायक सिंह ने यह विवादित भाषण दिया उस मंच पर प्रदेश के खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, बलरामपुर कलेक्टर संजीव झा, एसपी टीआर कोशिमा के साथ कई विभागों अधिकारी व जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे।
अपने भाषण के दौरान कर्जमाफी के बावजूद किसानों को वसूली का नोटिस भेजे जाने का जिक्र करते हुए ने कहा सिंह ने कहा कि किसानों से धोखाधड़ी बर्दाश्त नही की जाएगी। उन्होंने लोगों से कहा कि किसानों से धोखाधड़ी करने वाले अधिकारियों को जेल भेजो, जरूरत पड़े तो जूता मारो। इस मामले में विधायक संपर्क करने की कोशिश गई, लेकिन बात नहीं हो पाई।
पहले भी दे चुके हैं विवादित बयान
विधायक बृहस्पति सिंह पहले भी कई बार विवादित बयान दे चुके हैं। इसी वर्ष जनवरी में तातापानी महोत्सव के दौरान बैठक इंतजाम ठीक नहीं होने के कारण भड़क गए थे। जिला प्रशासन के अफसरों पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि वे अधिकारियों को गर्म पानी में नहलाकर सभी के पाप धो देंगे। कांग्रेस के सत्ता में आने के तुरंत बाद भी उनका इसी तरह का एक विवादित बयान सामने आया था।
सत्ता के मद में चूर हैं कांग्रेसी : भाजपा
कांग्रेसी जिस तरह की भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, उससे कांग्रेस की राजनीतिक गिरावट और संस्कारहीनता का परिचय मिल रहा है। सत्ता के मद में चूर कांग्रेस के नेता लोकतंत्र, भारतीय संस्कारों, उच्च आदर्शों और जनादेश का अपमान कर रहे हैं। अससंदीय टिप्पणियों के लिए कांग्रेस के मंत्री और विधायक को सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए। – सच्चिदानंद उपासने, प्रदेश प्रवक्ता भाजपा
शब्दों की जगह भावनाओं को समझें : कांग्रेस
भाजपा के लोग कांग्रेस को सीख न दें। यह जनता की पीड़ा जो हमारे जनप्रतिनिधियों की जुबान से निकल रही है। शब्द की जगह उनकी भावनाओं को समझना चाहिए। निश्चित रूप से वाणी पर संयम रखना चाहिए, लेकिन भावनाओं में बहकर कोई शब्द निकल गए हैं, तो उसे अपराध नहीं माना जा सकता। दरअसल, भाजपा गलत चीजों को सही ठहराने की साजिश कर रही है, जो कभी सफल नहीं हो सकती। – शैलेश नितिन त्रिवेदी, प्रदेश महामंत्री कांग्रेस