हिंदुस्तान की ताकत का छोटा सा प्रतिबिम्ब ह्यूस्टन में सारी दुनिया ने देखा: PM मोदी

0
1107

नई दिल्ली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अहमदाबाद एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा- इस बार यूएन में गांधी के 150वीं जयंती को लेकर बहुत हलचल हुई। वरिष्ठ नेताओं ने अपने व्याख्यान भी दिए। यूएस ने गांधी पर एक पोस्टल स्टैम्प भी जारी किया। वैष्णव जन को 150 देशों से अधिक गायकों ने गाया।

मोदी ने कहा- बापू का यह प्रिय भजन आप टीवी पर देखते होंगे। जब मैं यात्रा पर गया तो कुछ लोगों से मेरी मुलाकात हुई। कुछ लोगों ने मेरे सामने वैष्णव जन गाया और वह उन्हें याद था। मैंने लोगों से पूछा कि आप क्या इसके अर्थ को समझते हैं। कलाकारों ने मुझसे कहा कि इसे गाने से पहले हमने इसके भाव और अर्थ को समझने का प्रयास किया। दुनिया ने इस प्रकार से आदरांजलि दी है, यह गांधीजी के 150 सालों में पहली बार है।

आज भारत की इज्जत और उसकी ताकत बहुत बढ़ गई है: मोदी

उन्होंने कहा- दुनिया के हर देश के नेता को मालूम था कि हाउडी मोदी क्या था, कहां था और कैसा था। हर एक आदमी पर उसका असर था। आज भारत की इज्जत और उसकी ताकत बहुत बढ़ गई है, जिसके साथ हिंदुस्तान जुड़ा है, दुनिया उसे बड़ी इज्जत के साथ देखती है। बदलते हुए हिंदुस्तान ने विदेश में बसे भारतीयों का हौसला बढ़ाया है। हिंदुस्तान का विश्वास हजारों गुना ज्यादा बढ़ गया है। ये हिंदुस्तान की ताकत है, जिसका छोटा सा प्रतिबिम्ब ह्यूस्टन में सारी दुनिया ने देखा। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साबरमती आश्रम पहुंचे।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजघाट जाकर गांधीजी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे विजयघाट पहुंचे और पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन किया। भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी भी राजघाट पहुंचकर गांधी जी को श्रद्धांजलि दी। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी राजघाट जाकर गांधीजी की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी राजघाट पहुंचकर गांधी जी को नमन किया।

नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया-  राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी 150वीं जन्म-जयंती पर शत-शत नमन।

इसके साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें याद किया और ट्वीट किया- ‘जय जवान जय किसान’ के उद्घोष से देश में नव-ऊर्जा का संचार करने वाले पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी को उनकी जयंती पर शत-शत नमन।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी गांधी जी को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया।

पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की 115वीं जयंती पर राष्ट्रपति ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गांधी की 150वीं जयंती पर उन्हें याद किया।

फ्रांस के राजदूत ने गांधी को श्रद्धांजलि दी

भारत में फ्रांस के राजदूत इमैनुएल लेनैन ने गांधी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने टि्वटर पर लिखा, “ आज के इस ऐतिहासिक दिन गांधी जी की 150वीं जयंती के अवसर पर फ्रांस भारत के साथ मिलकर महात्मा को श्रद्धांजलि देता है।” उन्होंने कहा कि गांधी जी की अहिंसा और समावेशिता की महान विरासत असमानता और जलवायु परिवर्तन जैसे वैश्विक मुद्दों से निपटने के लिए आज भी प्रासंगिक मार्गदर्शक सिद्धांत बने हुए हैं।

अहमदाबाद में कार्यक्रम को संबोधित करेंगे मोदी

मोदी बुधवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर अहमदाबाद स्थित साबरमती रिवरफ्रंट में 20 हजार से ज्यादा सरपंचों के महासम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस दौरान पूरे देश को खुले में शौच से मुक्त घोषित करेंगे। वे शाम छह बजे अहमदाबाद पहुंच जाएंगे। वह 6.30 से 6:50 बजे के दौरान यहां साबरमती गांधी आश्रम में मौजूद रहेंगे। मोदी रात को 8:30 बजे अहमदाबाद के जीएमडीसी मैदान पर आयोजित नवरात्री महोत्सव में भी भाग लेंगे। वे रात में ही नई दिल्ली रवाना हो जाएंगे।