यूपीः सिलिंडर फटने से ध्वस्त हुए तीन मकान, 12 की मौत, बचाव कार्य जारी

0
229

मऊ

उत्तर प्रदेश के जिला मऊ के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के वलीदपुर नगर पंचायत में सुबह 6:45 पर सिलिंडर फटने से तीन मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गए। मकानों के मलबे में दबकर 12 लोगों के मरने की सूचना है।

जबकि हादसे में एक दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी मिल रही है। सोमवार सुबह हुए इस बड़े हादसे की सूचना पर आला अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के आलावा डेढ़ दर्जन एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। हादसे वाले मकान की गली संकरी होने के कारण मलबा हटाने में दिक्कत आ रही है।

बताया जाता है कि वलीदपुर नगर के संगत जी के पास छोटू विश्वकर्मा के घर में सुबह सिलिंडर में आग लग गई। सिलिंडर में आग लगने की सूचना पर आसपास के लोग भी आग बुझाने के लिए पहुंच गए। इस बीच इतने जोरदार धमाके के साथ सिलिंडर फटा कि उस मकान के साथ आसपास के दो अन्य मकान भी मलबे में तब्दील हो गए। तीनों मकान में कुल 23 लोग रहते थे।

इस दौरान मलवे में दबकर परिवार के सदस्यों के अलावा कुछ अन्य लोगों को मिलाकर कुल 10 लोगों के मरने की खबर आ रही है। समाचार मिलने तक बचाव और राहत कार्य जारी था। मृतकों की लाश बाहर निकाली जा रही थी। एक दर्जन लोगों को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया है।

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मऊ में सिलेंडर फटने की दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के उपचार की समुचित व्यवस्था करने और इस हादसे के पीड़ितों को हर संभव मदद एवं राहत प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की है।