TIO भोपाल
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बुधवार को दिग्विजय सिंह के छोटे भाई और कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह मुुलाकात करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है करीब 15 मिनट से अधिक समय तक दोनों के बीच बंद कमरे में चर्चा हुई। उनके साथ कोई समर्थक वहां मौजूद नहीं रहा। दोनों की मुलाकात से सियासी गियारों में हलचल बढ़ गई है। सियासी अटकलों के बाज़ार गरम होने लगे हैं। मंगलवार को विधायक लक्ष्मण सिंह उनके निर्वाचन क्षेत्र चाचौड़ा को ज़िला बनाने की मांग पर अड़े थे और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के बंगले के बाहर धरना भी दिया था। हालांकि, उन्होंंने इस मुलाकात को सिर्फ सौजन्य भेंट करार दिया है।
दरअसल, चाचौड़ा तहसील को लंबे समय से जिला बनाने की मांग की जा रही है। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी विधानसभा चुनाव से पहले वादा किया था कि सत्ता में आने के बाद वह चाचौड़ा को जिला बनाएंगे। लेकिन इस ओर अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। जिस वजह से सियासी अटकलें तेज हो गई हैं। उन्होंंने मंगलवार को सात घंटे तक पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के बंगले पर धरना दिया था। इस मुलाकात को उन्होंंने सौजन्य भेंट बताया। पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी कहा कि यह सामान्य भेंट थी। विधानसभा के साथी हैं इसलिए इस मुलाकात को कुछ और समझने की जरूरत नहीं है।
गौरतलब है कि लंबे समय से लक्ष्मण सिंह के कांग्रेस और दिग्विजय सिंह से नाराज होने की खबरें चल रही हैं। कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि उन्हें कैबिनेट में शामिल किया जाएगा। लेकिन ऐसा नहीं किया गया। जिसे बाद से उनके बयान भी पार्टी लाइन से हटकर आते रहे हैं। हाल ही में उन्होंने पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को किसानों के कर्ज माफ नहीं किए जाने के वादे पर माफी मांगने की बात कही थी। इससे पहले भी उनके पत्नी भी सोशल मीडिया पर समय समय पर पार्टी पर ही निशाना साधती रही हैं। और सवाल भी खड़े करती रही हैं।