लखनऊ
उत्तर प्रदेश की 11 विधानसभा सीटों पर हो रहे उप चुनाव के शुरुआती रुझान सामने आए हैं। इसमें भाजपा 5 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं बसपा 2 सीटों पर आगे है। समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार भी 2 सीटों पर आगे चल रह हैं। वहीं कांग्रेस 1 सीट पर आगे चल रही है।इसके पूर्व सुबह 8 बजे से मतगणना की शुरुआत हो चुकी है। महाराष्ट्र और हरियाणा के साथ ही देश के 18 राज्यों की 51 विधानसभा सीटों और 2 लोकसभा सीटों के लिए मतगणना जारी है।
काउंटिग शुरु हुए लगभग तीन घंटे हो चुके हैं। उत्तर प्रदेश की 11 सीटों पर भी काउंटिंग जारी है। राजनीति के लिहाज से देश के सबसे महत्वपूर्ण राज्यों में से एक उत्तर प्रदेश की सियासी हवा का भी इन नतीजों से पता चलेगा। इन सीटों के नतीजे ही योगी सरकार की आगे की पॉलिटिक्स का रोड मैप तैयार करेंगे, वहीं विपक्ष की अगली रणनीति भी इन सीटों के रिजल्ट से तय होगी। पढ़िए लाइव अपडेट्स –
बहराइच में बलहा विधानसभा सीट पर 6 राउंड की मतगणना पूरी हो चुकी है। भाजपा प्रत्याशी सरोज सोनकर को 21300 वोट, सपा की किरण भारती को 7417 वोट, बसपा के रमेश गौतम को 4985 वोट और कांग्रेस की मन्नू देवी को 309 वोट मिले हैं।
– रामपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खान की पत्नी तंजीम फातिमा विधानसभा उपचुनाव में रामपुर सीट से उम्मीदवार हैं। अब तक यहां 8 राउंड की काउंटिंग हो चुकी हैं। जिसमें तंजीम ने 13 हजार से ज्यादा वोटों से बढ़त बनाई हुई है।
प्रतापगढ़ सदर विधानसभा सीट पर तीसरे राउंड की मतगणना में भाजपा-अपना दल के प्रत्याशी राजकुमार पाल 4128 वोट से आगे हैं।
– कानपुर के गोविंदनगर सीट पर तीसरा राउंड पूरा हो चुका है। भाजपा से सुरेंद्र मैथानी को 2370 वोट, कांग्रेस की करिश्मा ठाकुर को 1563 वोट, बसपा से देवी प्रसाद को 154 वोट, सपा से सम्राट विकास को 310 वोट मिले हैं।
इगलास विधानसभा सीट के लिए जारी मतगणना के पांच राउंड पूरे हो चुके हैं। पांचवे राउंड में भाजपा उम्मीदवार को 827 वोटों की बढ़त मिली है।
प्रतापगढ़ सदर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए मतों की एक राउंड की गिनती पूरी हो गयी है।
पहले राउंड में बीजेपी के राज कुमार पाल को 2414 वोट, समाजवादी पार्टी के बृजेश वर्मा को 935 वोट, कांग्रेस के नीरज त्रिपाठी को 905 वोट मिले हैं।
गंगोह उपचुनाव में जारी मतगणना के तीसरे राउंड में कांग्रेस के नोमान मसूद 10014 को वोट मिले हैं। वहीं भाजपा के किरत सिंह को 6422 वोट, सपा के चौधरी इंद्रसेन को 5965 वोट मिले हैं।
रामपुर सीट पर चौथे राउंड में समाजवादी पार्टी की तंज़ीन फ़ातिमा आगे चल रही हैं। उन्हें 10143 वोट मिले हैं। भाजपा उम्मीदवार भारत भूषण गुप्ता को 4316 वोट मिले हैं। कानपुर की गोविंदनगर सीट में कांग्रेस ने शुरुआती रुझान में बढ़त बनाई है।
यूपी की इन सीटों पर होगी मतगणना: रामपुर, इगलास, गंगोह, लखनऊ कैंट, गोविंद नगर, मानिकपुर, प्रतापगढ़, जैदपुर, जलालपुर, बलहा, घोसी। इन सीटों पर चौतरफा मुकाबला है यानी अधिकांश सीटों पर भाजपा, बसपा, सपा और कांग्रेस ने प्रत्याशी उतारे हैं।
नतीजों पर टीवी बहस का बहिष्कार करेंगे कांग्रेस नेता
गुरुवार को आ रहे महाराष्ट्र व हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों के दौरान टीवी पर होने वाली बहस में कांग्रेस के नेता या प्रवक्ता हिस्सा नहीं लेंगे। पार्टी ने इन बहसों का बहिष्कार जारी रखने का फैसला किया है। हालांकि कांग्रेस नेता व प्रवक्ता निजी तौर पर उन टीवी चैनलों को इंटरव्यू देंगे, जहां चर्चा का कोई पैनल नहीं होगा।
कांग्रेस मुख्यालय में भी पार्टी प्रवक्ता चर्चा के लिए मौजूद रहेंगे। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद पार्टी ने टीवी पर होने वाली बहसों में शामिल नहीं होने का फैसला किया था। पार्टी का कहना है कि चैनलों पर भारत-पाकिस्तान रिश्तों व सांप्रदायिक मुद्दों पर ही चर्चा होती है।